Advertisement

कहीं लगी आग तो कहीं दुर्घटना, यूपी से एमपी तक मिलीं बुरी खबरें, पीएम मोदी ने जताया दुख

मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से बुरी खबरें सामने आई हैं। एक ओर जहां मध्य प्रदेश के इंदौर शहर की...
कहीं लगी आग तो कहीं दुर्घटना, यूपी से एमपी तक मिलीं बुरी खबरें, पीएम मोदी ने जताया दुख

मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से बुरी खबरें सामने आई हैं। एक ओर जहां मध्य प्रदेश के इंदौर शहर की स्वर्णबाग कॉलोनी में एक मकान में भीषण आग लगने से सात लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। तो वहीं, उत्तर प्रदेश के मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह भीषण हादसा हो गया। हादसे में कार सवार तीन महिलाओं समेत सात की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा भी है। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बता दें कि मध्यप्रदेश की घटना शनिवार तड़के तीन बजे के आसपास हुई। उस वक्त इस मकान में रहने वाले लोग गहरी नींद में सो रहे थे, अधिकांश की नींद में ही जलने व दमघुटने से मौत हो गई। आग में आठ लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

आग के कारणों का पता नहीं चला है। यह कॉलोनी इंदौर के विजय नगर इलाके में स्थित है। आग लगने की घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के साथ-साथ विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने मृतकों के शव एमवाय अस्पताल भेजे। आग के शिकार हुए लोगों में अधिकांश किराएदार बताए गए हैं। 

इंदौर के पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा ने सात लोगों के मरने की पुष्टि की है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संभवत: शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे लगे।  हादसे के बारे में कहा जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से पहले आग पार्किंग में खड़े वाहनों में लगी और फिर धीरे धीरे पूरे घर में फैल गई। इसने इतनी तेजी से विकराल रूप ले लिया कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा कि इंदौर के स्वर्णबाग कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। घटना में मौत की खबर अत्यंत ह्रदय विदारक है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं। मैंने इसके जांच के आदेश दे दिए हैं। जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये दिए जाएंगे।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मथुरा में हुए सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए गए हैं। मूलरूप से हरदोई के संडीला क्षेत्र के गांव बहादुरपुर के रहने वाले थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मथुरा में हुई सड़क दुर्घटना हृदयविदारक है। इस हादसे में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad