केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रोफेसर नीलोफर खान को कश्मीर यूनिवर्सिटी की पहली महिला वाइस चांसलर नियुक्त किया है। प्रो. नीलोफर गृह विज्ञान विभाग की प्रोफेसर हैं। उनकी नियुक्ति 3 साल के लिए होगी।
उपराज्यपाल ने आदेश में कहा, 'कश्मीर और जम्मू विश्वविद्यालय अधिनियम, 1969 की धारा 12 के तहत निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए, मैं मनोज सिन्हा, चांसलर, कश्मीर विश्वविद्यालय, गृह विज्ञान विभाग की प्रोफेसर निलोफर खान को कश्मीर विश्वविद्यालय की कुलपति नियुक्त करता हूं।'
उपराज्यपाल सचिवालय ने एक अधिसूचना में कहा कि कश्मीर विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यकाल तीन साल का होगा। यह अवधि कार्यभार ग्रहण करने के दिन से प्रभावी होगी। नियम और शर्ते अलग से अधिसूचित की जाएंगी। वे पृथ्वी वैज्ञानिक प्रो तलत अहमद का स्थान लेंगी, जिनका तीन साल का कार्यकाल अगस्त 2021 में समाप्त हुआ था।