Advertisement

भाजपा ने राहुल गांधी पर लगाया ‘वंदे मातरम’ के अपमान का आरोप, कांग्रेस बोली- फर्जी है वीडियो

भाजपा ने हाल ही में एक वीडियो को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर ‘वंदे मातरम’ का अपमान करने का...
भाजपा ने राहुल गांधी पर लगाया ‘वंदे मातरम’ के अपमान का आरोप, कांग्रेस बोली- फर्जी है वीडियो

भाजपा ने हाल ही में एक वीडियो को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर ‘वंदे मातरम’ का अपमान करने का आरोप लगाया है। कर्नाटक में कांग्रेस की एक रैली का कथित वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस को घेरने की कोशिश की।

बीजेपी ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक टि्वटर हैंडल से राहुल गांधी पर हमला बोला। पार्टी ने कहा, ‘वह राष्ट्रगीत का सम्मान नहीं करते। हम उनसे और क्या उम्मीद कर सकते हैं?’ हालांकि, कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए वीडियो को फर्जी बताया है।

वीडियो में है कुछ ऐसा-

बताया जा रहा है कि एक स्थानीय टीवी चैनल ने अपनी रिपोर्ट में यह वीडियो दिखाया है, जिसमें मंच पर राहुल गांधी, कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी केवी वेणुगोपाल समेत कई पार्टी नेता मौजूद थे। वीडियो में राहुल गांधी अपनी घड़ी की ओर इशारा करते हुए कुछ कहते दिखाई दे रहे हैं। इससे यह अंदाजा लगाया गया है कि वह कार्यक्रम को जल्दी खत्म करने की बात कह रहे हैं। इसके बाद, एक शख्स गीत गाने वाले को कहते दिखता है कि सिर्फ एक लाइन गाकर खत्म कर दे। जैसे ही वह शख्स वंदे मातरम गाना शुरू करता है, वेणुगोपाल राहुल को खड़े होने के लिए कहते दिखते हैं।

 


कांग्रेस ने वीडियो को बताया फर्जी

वहीं, इस वीडियो को पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने पूरी तरह झूठा बताया है। उन्होंने कहा, ‘फर्जी वीडियो बनाने के लिए यह उनका किया धरा है। कांग्रेस से ज्यादा वंदे मातरम में कौन विश्वास कर सकता है? वंदे मातरम तो कांग्रेस के अधिवेशन में 1896 से गाया जा रहा है। हमारा हर सत्र वंदे मातरम से शुरू होता है और राष्ट्रगान से खत्म होता है। बीजेपी हमें वंदे मातरम का पाठ पढ़ा रहे हैं? जो न तो उनके दफ्तर में गाया जाता है और न ही आरएसएस मुख्यालय में।’

राहुल को भारतीय राजनीति में रहने का कोई हक नहीं- अमित शाह

इस वीडियो को लेकर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने भी कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा। कर्नाटक में आयोजित एक जनसभा में शाह ने कहा, ‘मैं एक वॉट्सऐप मैसेज पढ़कर हैरान था, जिसमें कहा गया था कि दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल में आयोजित रैली में राहुल गांधी ने आयोजकों से कहा कि वंदे मातरम छोटा करके गाया जाए क्योंकि उन्हें जल्दी थी।’

शाह ने कहा कि राहुल गांधी को भारतीय राजनीति में रहने का कोई हक नहीं है। शाह ने कर्नाटक के विकास को लेकर राहुल गांधी और सीएम सिद्दारमैया के दावों को लेकर भी सवाल किए। शाह ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ बड़े-बड़े दावे कर रही है।

यही कारण है कि हम राहुल को शहजादा कहते हैं- संबित

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने ट्वीट कर कहा कि हमारे जैसे आम भारतीय ‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी’ कहा करते हैं, जबकि अहंकारी, अनजान वंशवादी वंदे मातरम जल्द खत्म करने को कहते हैं। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि यही कारण है कि हम उन्हें शहजादा कहते हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘इस देश को परिवार की संपत्ति मानते हैं। क्या उनकी इच्छा से राष्ट्र गीत में संशोधन किया जा सकता है। भाजपा के एक अन्य नेता डीवी सदानंद गौड़ा ने कहा कि राहुल के मन में राष्ट्र गीत के लिए सम्मान नहीं है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad