Advertisement

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा: राजस्थान सरकार ने 22 जनवरी को आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की

राजस्थान सरकार ने गुरुवार को अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर 22 जनवरी को राज्य...
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा: राजस्थान सरकार ने 22 जनवरी को आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की

राजस्थान सरकार ने गुरुवार को अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर 22 जनवरी को राज्य में आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की। एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार रात पार्टी मुख्यालय में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में यह घोषणा की।

राज्य का यह आदेश केंद्र द्वारा 22 जनवरी को अपने सभी कर्मचारियों के लिए आधे दिन की छुट्टी की घोषणा के बाद आया है। कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को इसे 22 जनवरी को पूरे दिन की छुट्टी में बदलने का अनुरोध भेजा है।

शुक्रवार को विधानसभा सत्र से पहले यहां पार्टी मुख्यालय में भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई। बैठक के दौरान विधायकों ने सदन के संचालन के लिए अपने सुझाव दिये। शुक्रवार को राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र 16वीं राजस्थान विधानसभा के सत्र को संबोधित करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मुख्य सचिव सुधांश पंत और विधानसभा के प्रमुख सचिव राज्यपाल का विधानसभा में स्वागत करेंगे। 

बीजेपी सरकार में मंत्री सुरेश रावत ने बैठक के बाद कहा कि सभी मंत्रियों को बीजेपी मुख्यालय में जनसुनवाई करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग शामिल हुए, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मौजूद नहीं थीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad