Advertisement

शिमला: समर हिल के शिव मंदिर के समीप भूस्खलन, मलबे में दबे लोग; राज्य में अबतक 21 की मौत

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कुदरत कहर बरपा रही है। बीते कई घंटों से लगातार हो रही बारिश ने राज्य को एक...
शिमला: समर हिल के शिव मंदिर के समीप भूस्खलन, मलबे में दबे लोग; राज्य में अबतक 21 की मौत

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कुदरत कहर बरपा रही है। बीते कई घंटों से लगातार हो रही बारिश ने राज्य को एक बार फिर आपदा जैसे माहौल से मुखातिब करा दिया है। समर हिल के शिव मंदिर के पास भूस्खलन होने से कई लोग मलबे में दब गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ स्थिति का निरीक्षण किया। पिछले 24 घंटे में राज्य में करीब 21 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

शिमला से दुखद खबर सामने आई है, जहां भारी बारिश के कारण समर हिल में "शिव मंदिर" ढह गया। फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए ऑपरेशन जारी है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर बताया कि अबतक इस घटना में नौ शवों को बरामद कर लिया गया है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि हमारा प्रयास ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाना है।

शिमला में भूस्खलन और राज्य में भारी बारिश से हुई तबाही पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "20-25 लोग यहां (समर हिल, शिमला) मलबे में फंसे हुए हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों में 21 लोगों की मृत्यु हुई है। मैं लोगों से घर के अंदर रहने, नदियों और भूस्खलन-संभावित क्षेत्रों के पास न जाने की अपील करूंगा। बहाली का काम बारिश रुकते ही शुरू हो जाएगा।"

मुख्यमंत्री ने बताया, "एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना बचाव अभियान कर रहे हैं और लोगों की जान बचाने के लिए मौके पर मौजूद हैं। मैंने मंडी में अपना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिया है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम हमेशा की तरह चलेगा लेकिन हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है।"

15 अगस्त से एक दिन पहले राज्य में इतने भयावह माहौल पर बात करते हुए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा, "ध्वजारोहण किया जाएगा, स्वतंत्रता दिवस पर राजभवन में होने वाला 'एट-होम' कार्यक्रम स्थगित हो गया है। ध्वजारोहण करने के बाद बचाव कार्य में लग जाएंगे।"

सीएम के साथ भूस्खलन क्षेत्र के स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा, "यहां मलबे के नीचे से कुछ शव निकाले गए हैं, 10-15 लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। लोगों को सुरक्षित निकालने की पूरी कोशिश की जा रही है। खराब मौसम के कारण मंडी जिले में 12-15 लोगों की मौत हो गई है।"

वहीं, हिमाचल प्रदेश में सोमवार को सोलन में बादल फटने की घटना भी सामने आई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोलन जिले के जादोन गांव में रविवार रात को बादल फटने से दो मकान बह गए। हादसे में छह लोगों को बचा लिया गया जबकि सात अन्य की मौत हो गई। सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त हरनाम (38), कमल किशोर (35), हेमलता (34), राहुल (14), नेहा (12), गोलू (8) और रक्षा (12) के रूप में की गयी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad