Advertisement

मणिपुर घटना पर बोले सीएम शिवराज सिंह चौहान, 'सख्त सजा ही अपराधी को नष्ट करने का एकमात्र उपाय है'

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने की शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से ही देश...
मणिपुर घटना पर बोले सीएम शिवराज सिंह चौहान, 'सख्त सजा ही अपराधी को नष्ट करने का एकमात्र उपाय है'

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने की शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से ही देश में आक्रोश की लहर है। अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मणिपुर की घटना पर नाराजगी जताई और कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।

सीएम चौहान ने कहा, "ये बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। इसने दिल को गहरी पीड़ा पहुंचाई है। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी कहा है और देश भी चाहता है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सीएम बीरेन सिंह ने अपना संकल्प व्यक्त किया है।"

उन्होंने कहा, "देश ने हमेशा महिलाओं की पूजा की है, महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार का अपराध माफ करने के योग्य नहीं है। सख्त सजा ही अपराधी को नष्ट करने का एकमात्र उपाय है।"

गौरतलब है कि मणिपुर के सीएम ने शुक्रवार को बताया कि घटना के संबंध में मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार दोषियों के लिए सख्त सजा सुनिश्चित करेगी।

इससे पहले गुरुवार को सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा था, "जब मैंने वीडियो देखा तो सचमुच चौंक गया। मैंने घटना के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि यह 4 मई को हुई थी। यह वीडियो 40 दिनों के बाद लीक हुआ था। मैंने (आरोपियों को पकड़ने के लिए) तलाशी अभियान चलाने का आदेश दिया और कल रात ही हमने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।"

इसी बीच, कर्नाटक में जैन साधु की हत्या पर सीएम चौहान ने कहा, "यह एक दुखद घटना है। शरीर के टुकड़े-टुकड़े करना सबसे बड़ा अपराध है। मैं कर्नाटक सरकार से कहूंगा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।" गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में पुलिस को कर्नाटक के बेलगावी जिले के हिरेकोडी गांव में जैन साधु के कटे हुए शरीर के हिस्से मिले थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad