Advertisement

कर्नाटक चुनाव में 70 फीसदी वोटिंग, नतीजा 15 मई को

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में शनिवार यानी आज 222 सीटों के लिए मतदान समाप्त हो चुका है। चुनाव आयोग के...
कर्नाटक चुनाव में 70 फीसदी वोटिंग, नतीजा 15 मई को

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में शनिवार यानी आज 222 सीटों के लिए मतदान समाप्त हो चुका है। चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम 6 बजे तक यहां 70 फीसदी वोटिंग हुई। कर्नाटक के चुनाव आयुक्त ने बताया कि कुछ पोलिंग बूथ पर लोग अब भी लाइन में लगे हैं, वहां वोटिंग हो रही है। बाकी लगभर सभी जगहों पर मतदान पूरा हो चुका है। 

भाजपा-कांग्रेस के बीच चुनाव से पहले तीखे वार-प्रतिवार हुए। अब इसका नतीजा 15 मई को आएगा।

मतदान का हाल

शनिवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों में लोगों की भीड़ देखी गई। शाम 5 बजे तक 64.5% मतदान हुआ। 224 सदस्यीय विधानसभा वाले राज्य में 2 सीटों पर मतदान स्थगित कर दिया गया था। एक सीट पर वोटिंग बीजेपी प्रत्याशी और वर्तमान विधायक बी एन विजयकुमार के निधन के चलते स्थगित कर दिया गया। दूसरी सीट आर आर नगर जहां फर्जी वोटर आईडी मिलने की वजह से शुक्रवार को चुनाव आयोग ने मतदान स्थगित कर दिया।

भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी.एस.येदियुरप्पा ने शिमोगा के शिकरपुर पोलिंग स्टेशन पर वोट डाला। केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने पुत्तुर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने से पहले मीडिया से बात करते हुए येदियुरप्पा ने कहा, 'आज बहुत शुभ दिन है। हर किसी को बाहर आकर वोट देना चाहिए। भाजपा को चुनाव में 150 से अधिक सीटें मिलेंगी और मैं 17 मई को सरकार बनाने जा रहा हूं। जनता सिद्धारमैया सरकार से दुखी है। मैं लोगों से आग्रह करता हूं कि वे भारतीय जनता पार्टी को वोट करें।'

देवेगौड़ा ने परिवार के साथ डाला वोट

पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस के नेता एचडी देवेगौड़ा ने हासन जिले के होलेनारसीपुरा के बूथ नंबर 244 में जाकर वोट डाला। उनके साथ उनकी पत्नी चेन्नमा देवेगौड़ा, बेटे एचडी रेवन्ना और परिवार के अन्य सदस्य थे। वोट देने के बाद देवेगौड़ा ने उम्मीद जताई कि उनकी पार्टी राज्य में सरकार बना सकती है।

गौपूजा के बाद भाजपा प्रत्याशी ने किया मतदान

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के खिलाफ बादामी से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी बी श्रीमालू ने वोट डालने के पहले गौपूजा की। पूजा के दौरान उन्होंने भगवा वस्त्र पहन रखा था। गौपूजा करने के बाद वे अपने समर्थकों के साथ वोट डालने के लिए गए।

क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले भी परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे।

कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े

इस बीच, हंपी नगर के एक बूथ पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। भाजपा प्रत्याशी रवींद्र विजयनगर ने आरोप लगाया का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमारे पार्षद आनंद पर हमला किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की।

बेंगलूरू के डीसीपी रवि चाननवार ने बताया कि यह एक संवेदनशील बूथ है पर झड़प बूथ से सौ मीटर के दायरे से बाहर हुई है। हम मामले की जांच करने के बाद कार्रवाई करेंगे।

बेलगावी के एक बूथ पर कुछ समय के लिए उस वक्त हंगामे की स्थिति पैदा हो गई जब एक महिला ने अपना चेहरा दिखाने के लिए बुर्का हटाने से इनकार कर दिया। बाद में एक महिला अधिकारी ने एक कक्ष में ले जाकर उसकी पहचान की और उसे वोट डालने की अनुमति दी।

राज्य में 2,600 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 4.96 करोड़ से अधिक मतदाता उनके भाग्य का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में 2.52 करोड़ से अधिक पुरुष, करीब 2.44 करोड़ महिलाएं और 4,552 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। राज्य में 55,600 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शांत और निष्पक्ष मतदान के लिए 3.5 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। एक मोबाइल एप के जरिये पहली बार मतदाता मतदान केंद्रों पर कतार की स्थिति के बारे में भी जान पाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad