Advertisement

पश्चिम बंगाल: ओमिक्रॉन की दस्तक के बावजूद राज्य सरकार ने दी छूट, क्रिसमस और नए साल के मौके पर नाइट कर्फ्यू में ढील

पश्चिम बंगाल की सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए प्रतिबंधों...
पश्चिम बंगाल: ओमिक्रॉन की दस्तक के बावजूद राज्य सरकार ने दी छूट, क्रिसमस और नए साल के मौके पर नाइट कर्फ्यू में ढील

पश्चिम बंगाल की सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए प्रतिबंधों को 15 जनवरी तक जारी रखने का फैसला लिया है। इसी के साथ राज्य सरकार ने क्रिसमस और नए साल के मौके पर लोगों को कोरोना प्रतिबंधों से राहत भी दी है। राज्य सरकार ने बुधवार को जारी किए गए आदेश में बताया है कि क्रिसमस और नए साल के मौके पर लोगों को राहत देते हुए सरकार ने 24 दिसंबर 2021 से 1 जनवरी 2022 तक नाइट कर्फ्यू यानी रात में लगने वाले प्रतिबंधों में ढील दी है।

 

राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक 24 दिसंबर 2021 से 1 जनवरी 2022 के बीच रात में होने वाले मूवमेंट पर प्रतिबंध नहीं होंगे यानी इस दौरान रात 11 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक जो प्रतिबंध थे, उन्हें हटा लिया गया है। ये आदेश क्रिसमस और नए साल के जश्न के दौरान यानी 24 दिसंबर से 1 जनवरी 2022 तक लागू रहेंगे।

जारी किए गए आदेश के मुताबिक, 24 दिसंबर और 1 जनवरी 2022 के बीच की इस अवधि के दौरान बार और रेस्टोरेंट्स देर रात तक भी खोले जा सकते हैं। प्रतिबंधों में ढील के दौरान लोगों को कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जरूरी नियमों का पालन करने के लिए भी कहा गया है। इस दौरान मास्क पहनना अनिवार्य होगा।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में बुधवार को यानी आज ही कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वेरिएंट का पहला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के अनुसार मुर्शिदाबाद जिले में सात साल के बच्चे में इसकी पुष्टि हुई है।

 

अधिकारी ने बताया कि लड़का हाल ही में अबू धाबी से हैदराबाद होते हुए बंगाल लौटा है। उसका मुर्शिदाबाद जिले के एक स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad