Advertisement

अयोध्या की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मिले योगी, आरोपियों को सजा दिलाने का भरोसा दिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता बच्ची...
अयोध्या की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मिले योगी, आरोपियों को सजा दिलाने का भरोसा दिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता बच्ची के परिजनों से अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का उनको भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आज लखनऊ में जनपद अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान के साथ आए अयोध्या की पीड़ित बच्ची के परिजनों से भेंट की।’’

योगी ने कहा, ‘‘दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, उन पर कठोरतम कार्रवाई होगी। बच्ची को हर कीमत पर न्याय दिलाने हेतु हम प्रतिबद्ध हैं।’’ इस पोस्ट में मुख्यमंत्री ने बच्ची के परिजनों से मुलाकात की एक तस्वीर भी साझा की।

बाद में एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित बच्ची की मां को आश्वस्त किया है कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए सरकार उनके साथ खड़ी है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री से मिलने के बाद पीड़िता की मां ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी बच्ची के साथ दरिंदगी करने वालों के लिए उन्होंने सरकार से फांसी की सजा की मांग की है, इस पर मुख्यमंत्री ने भी आश्वस्त किया कि बच्ची को हर कीमत पर न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस बात को लेकर भी आश्वस्त किया है कि आरोपी समाजवादी पार्टी (सपा) नेता मोईद खान की संपत्तियों की जांच कराई जाएगी और अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलेगा।

आधिकारिक बयान के अनुसार, अयोध्या पुलिस ने 30 जुलाई को जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भदरसा नगर में बेकरी संचालित करने वाले मोईद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि मोईद और राजू खान ने दो महीने पहले नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और इस कृत्य को रिकॉर्ड भी किया।

यह घटना तब प्रकाश में आई जब हाल ही में मेडिकल जांच में पीड़िता के गर्भवती होने का पता चला। यह दावा किया जाने के बाद कि मोईद खान सपा का सदस्य है, मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है।

बृहस्पतिवार को विधानसभा में योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का जिक्र किया और सपा पर निशाना साधा। योगी ने कहा, ‘‘यह अयोध्या का मामला है। मोईद खान सपा से है और अयोध्या सांसद की टीम का सदस्य है। वह 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने के मामले में संलिप्त पाया गया है। सपा ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।’’

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पीड़ित बच्ची की मां से मिलने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्ची के स्वास्थ्य और उसकी सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंधन किए जाएं।

योगी ने राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य अनीता अग्रवाल को अयोध्या जिला महिला चिकित्सालय में दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात करने के निर्देश भी दिया।

बयान में कहा गया कि अयोध्या पहुंचीं आयोग की सदस्य ने पीड़िता का हाल-चाल जाना तथा उसके परिजनों से विशेष मुलाकात करते हुए उनको न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी की यह घटना निंदनीय है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad