Advertisement

कोरोना वायरस: वुहान से 400 भारतीयों को भारत लाएगी एयर इंडिया, दिल्ली में भी 6 संदिग्ध भर्ती

चीन में कोरोना वायरस खतरनाक होता जा रहा है और 200 से ज्‍यादा लोगों की जान ले चुका है। इस वायरस के प्रकोप...
कोरोना वायरस: वुहान से 400 भारतीयों को भारत लाएगी एयर इंडिया, दिल्ली में भी 6 संदिग्ध भर्ती

चीन में कोरोना वायरस खतरनाक होता जा रहा है और 200 से ज्‍यादा लोगों की जान ले चुका है। इस वायरस के प्रकोप के देखते हुए भारत सरकार ने उन भारतीयों को वुहान से निकालने का फैसला किया है जो वुहान में हैं और देश लौटना चाहते हैं। इसी के तहत आज से सेंट्रल चीन के वुहान से भारतीयों को निकालने की प्रक्रिया शुरू होगी। एयर इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अशोक लोहानी ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली से जा रही एयर इंडिया की एक विशेष फ्लाइट को चीन के कोरोना वायरस से ग्रस्त शहर वुहान में फंसे लगभग 400 भारतीयों को निकाला जाएगा। वहीं इसी बीच कोरोनोवायरस से प्रभावित छह लोगों को आरएमएल अस्पताल के एक अलग वार्ड में निगरानी में रखा गया है और उनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

कल दोपहर 2 बजे वापस आएगी फ्लाइट

एएनआई से बात करते हुए, लोहानी ने कहा कि बोइंग 747 जंबो विमान आज दिल्ली से दोपहर 12 बजे उड़ान भरेगा और शनिवार को 2 बजे वापस आएगा। लोहानी ने कहा, "हम एक बोइंग 747 जंबो विमान भेज रहे हैं। एयर इंडिया की फ्लाइट से चीन के वुहान से आज लगभग 400 भारतीयों को निकाला जाएगा। यह आज दोपहर 12 बजे उड़ान भरेगा और कल दोपहर 2 बजे वापस आएगा।"

डॉक्टरों की एक टीम जाएगी

उड़ान में स्वास्थ्य मंत्रालय के पांच डॉक्टरों की एक टीम और एयर इंडिया के पैरामेडिकल कर्मियों के साथ मास्क, चिकित्सा उपकरण, पैक्ड फूड, निर्धारित दवाएं जैसे सभी आवश्यक संसाधन भी शामिल होंगे। इसमें 15 केबिन क्रू और पांच कॉकपिट क्रू सहित बीस क्रू मेंबर्स सवार होंगे। लोहानी ने कहा कि डॉक्टरों और चालक दल की टीम का नेतृत्व एयर इंडिया के निदेशक कैप्टन अमिताभ सिंह करेंगे।

दुनिया भर कई मामलें हुए दर्ज

लोहानी ने कहा कि भारत लौटने पर यात्रियों के लिए आगे की व्यवस्था विदेश मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय करेंगे। चीन ने वायरस के प्रकोप के बाद वुहान का संपर्क दुनिया से काट दिया है। कोरोना वायरस अकेले चीन में 213 लोगों की मौत का कारण बन चुका है, जबकि दुनिया भर के कई देशों में इसके मामले सामने आए हैं। दुनिया भर के स्वास्थ्य अधिकारी इस वैश्विक महामारी को रोकने के लिए कार्रवाई कर रहे हैं क्योंकि वायरस फैल रहा है, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, अमेरिका और चीन के अलावा कई एशियाई देशों में मामलें दर्ज हुए हैं।

आरएमएल अस्पताल में 6 लोग भर्ती

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत ने गुरुवार को केरल में कोरोनावायरस का पहला मामला दर्ज किया और मरीज को राज्य के एक अलग वार्ड में रखा गया है। वहीं दूसरी ओर दिल्ली में आरएमएल अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पांच लोगों को भर्ती किया है, जिन्हें सांस की समस्याओं और बुखार के लक्षण हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad