Advertisement

पाकिस्तान में महिला पत्रकार की मौत

रूसी मूल की पत्रकार मारिया गोलावनीनी पाकिस्तान में अपने घर में मृत पाई गईं। मारिया पाकिस्तान में रॉयटर्स की ब्यूरो चीफ थीं। पूछताछ के लिए पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पाकिस्तान के साथ-साथ वह अफगानिस्तान की खबरों पर भी नजर रखती थीं।
पाकिस्तान में महिला पत्रकार की मौत

पाकिस्तान पुलिस ने रॉयटर्स की ब्यूरो चीफ की मृत्यु के बाद पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। चौंतीस वर्षीय मारिया गोलावनीनी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं। पाकिस्तान के साथ-साथ अफगानिस्तान की खबरों पर भी नजर रखने वाली गोलावनीनी कल इस्लामाबाद के अपने दफ्तर में मृत पाई गई थीं। इसी इमारत के एक हिस्से में वह रहती भी थीं।

पुलिस के हवाले से बताया गया कि रूसी मूल की पत्रकार संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलीं। उनकी मौत के कारणों की जांच की जा रही है। मरगल्ला पुलिस ने संदेह दूर करने के लिए कुछ लोगों को पूछताछ के इरादे से हिरासत में लिया है। लेकिन अभी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। अखबार द न्यूज के अनुसार पुलिस संदेह दूर करने के लिए विभिन्न पहलुओं से छानबीन कर रही है।

गोलावनीनी का शव पोस्टमार्टम के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में रखा गया है। संस्थान के सूत्रों के अनुसार शव पर किसी तरह के चोट या उत्पीड़न के निशान नहीं हैं। इसलिए कहा नहीं जा सकता कि उनकी मौत के पीछे कोई साजिश होगी। अखबार के अनुसार गोलावनीनी का शव बाथरूम में मिला। जहां शव पड़ा था वहीं पास में वमन भी मिला है। इससे लगता है कि मरने से पहले उन्होंने कै की होगी। एक कर्मचारी ने उन्हें बाथरूम में पड़े देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि गोलावनीनी खबरों की कवरेज के सिलसिले में अकसर अफगानिस्तान और पाकिस्तान के उत्तरी भागों में जाती थीं। वह 2001 में विदेशी संवाददाता के तौर पर रायटर्स में आई थीं। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad