भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 71 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। बता दें कि 243 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतदान 6 नवंबर और 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।
विज्ञप्ति के अनुसार, भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 12 अक्टूबर को जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह सहित केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
केंद्रीय चुनाव समिति ने सीवान के लिए मंगल पांडे, कटिहार के लिए तारकिशोर प्रसाद के नाम पर मुहर लगा दी है।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दानापुर से रामकृपाल यादव, बांकीपुर से नितिन नबीन, बेतिया से रेनू देवी, गया टाउन से प्रेम कुमार, जमुई से श्रेयसी सिंह, लखीसराय से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और तारापुर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को टिकट दिया गया है।
इससे पहले रविवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने आगामी बिहार चुनावों के लिए अपनी सीट-बंटवारे की व्यवस्था की घोषणा की, जिसमें भाजपा और जेडीयू 101-101 सीटों पर, एलजेपी (रामविलास) 29 सीटों पर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा छह सीटों पर और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
एनडीए सहयोगियों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), जनता दल (यूनाइटेड) (जेडीयू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं।
यह घोषणा बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में की। तावड़े ने लिखा, "संगठित एवं समर्पित एनडीए, आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए परिवार के सभी सदस्यों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी सहमति से सीटों का बंटवारा पूरा कर लिया है, जो इस प्रकार है- भाजपा 101 सीटें जेडी(यू)-101 सीटें एलजेपी (रामविलास)-29 सीटें आरएलएम 06 सीटें हम-06 सीटें एनडीए के सभी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का हर्षपूर्वक स्वागत किया है। सभी साथी कमर कस कर बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं।"
इन चुनावों में एनडीए का मुकाबला राजद के तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक, कांग्रेस, दीपंकर भट्टाचार्य के नेतृत्व वाली भाकपा (माले), भाकपा, माकपा और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) से होगा।
इस बार बिहार में प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी जन सुराज के रूप में एक नए खिलाड़ी का भी आगमन होगा।