Advertisement

केरल बाढ़: जब जान बचाने वाले जवानों के लिए घर की छत पर लिखा THANKS

केरल में बाढ़ के कहर के बीच लोगों को बचाने के लिए एनडीआरएफ और सेना की टीमें लगातार काम कर रही हैं। अभी तक...
केरल बाढ़: जब जान बचाने वाले जवानों के लिए घर की छत पर लिखा THANKS

केरल में बाढ़ के कहर के बीच लोगों को बचाने के लिए एनडीआरएफ और सेना की टीमें लगातार काम कर रही हैं। अभी तक लाखों लोगों को बाढ़ से रेस्क्यू किया जा चुका है। रेस्क्यू को लेकर राज्य से कई मार्मिक कहानियां भी सामने आ रही हैं। राज्य में आई भीषण बाढ़ के दौरान सेना के जवानों ने हजारों लोगों को नई जिंदगी दी है। अब लोग अपने-अपने तरीके से उनका शुक्रिया भी अदा कर रहे हैं। ऐसी ही एक तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी शेयर की जा रही है। 

भारतीय नौसेना ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की फोटो

भारतीय नौसेना के ट्विटर हैंडल से सोमवार सुबह एक घर की छत पर अंग्रेजी में THANKS लिखी तस्वीर शेयर की गई। दरअसल, 17 अगस्त को इसी घर से भारतीय नौसेना के कमांडर विजय वर्मा ने बड़ी बहादुरी से दो महिलाओं को बचाया था। अब इस इलाके में पानी कम हो गया है और लोग अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। इस बीच उसी घर की छत पर सफेद रंग से 'थैंक्स' पेंट किया देखा गया है।

यहां देखें फोटो

न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा जारी की गई दो तस्वीरों में एक घर की छत दिखाई दे रही है। इसी छत से सफेद रंग में थैंक्स लिखा हुआ है। घर के आसपास पेड़ लगे हुए हैं। इस फोटो को महज कुछ ही घंटों में 450 से अधिक बार रि-ट्वीट किया जा चुका है। वहीं, एक हजार से अधिक बार इसे लाइक किया गया है।


 

केरल की बाढ़ में लोगों की जान बचाने वाले जवानों की हो रही तारीफ

यह तस्वीर हेलिकॉप्टर से काफी ऊपर से ली गई है। इसे शेयर करते हुए लोग सोशल मीडिया पर केरल बाढ़ में जवानों के जज्बे और सेवा भाव की जमकर तारीफ कर रहे हैं। केरल में जवानों की बहादुरी के कई वीडियो भी सामने आए हैं। जवानों ने अपनी सूझबूझ से बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को बचाया है।

कमांडर ने प्रेग्नेंट महिला को एयरलिफ्ट कर पहुंचाया था अस्पताल

हाल ही में कमांडर विजय वर्मा ने ही एक प्रेग्नेंट महिला को सुरक्षित तरीके से एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया था। कुछ समय बाद ही महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया और दोनों स्वस्थ हैं। वर्मा को परिवार ने दिल से शुक्रिया अदा किया है। बाद में वर्मा ने कहा कि यह काफी चुनौतीपूर्ण टास्क था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा गया कि प्रेग्नेंट महिला को कैसे एक चॉपर से उसके घर की छत से रेस्क्यू किया जाता है।

केरल में जारी है राहत-बचाव कार्य

केरल में राहत एवं बचाव कार्य व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। 2 लाख से ज्यादा परिवार राहत शिविरों में हैं। जो लोग अपने घरों में हैं उनके लिए चॉपर से खाने और पीने के सामान गिराए जा रहे हैं। एक दिन पहले सेवा भाव को दर्शाता एक और विडियो सामने आया था। इसमें एक व्यक्ति बाढ़ के पानी में झुका दिखाई देता है, जिससे उसके ऊपर पैर रखकर महिला और बुजुर्ग नाव में सुरक्षित तरीके से बैठ सकें। अपने शरीर को ही सीढ़ी के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए इस 'गुमनाम हीरो' की खूब प्रशंसा हो रही है।

अगले 5 दिनों में कम होगी बारिश

मौसम विभाग के अधिकारी मृत्युंजय महापात्रा ने जानकारी दी है कि कि आने वाले 4-5 दिनों में केरल में भारी बारिश का स्तर कम होगा और धीरे-धीरे यहां का जलस्तर भी कम हो जाएगा। केरल में 8 अगस्त से हो रही तेज बारिश के चलते वहां आई बाढ़ और भूस्खलन से राज्य मे हाहाकार मचा हुआ है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad