Advertisement

ईडी की हिरासत में सीएम केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर 'आप' चिंतित, केंद्र को जवाब देना होगा: आतिशी

दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ईडी की हिरासत में जेड प्लस...
ईडी की हिरासत में सीएम केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर 'आप' चिंतित, केंद्र को जवाब देना होगा: आतिशी

दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ईडी की हिरासत में जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।

दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में यह पहली बार है कि किसी राष्ट्रीय पार्टी के प्रमुख को लोकसभा चुनाव से पहले गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा, "ईडी एक भी सबूत पेश नहीं कर पाई है। इससे पता चलता है कि बीजेपी अरविंद केजरीवाल से कितनी डरी हुई है। वे जानते हैं कि केवल एक ही नेता उन्हें चुनौती दे सकता है, यही वजह है कि वे अरविंद केजरीवाल और आप को कुचलने की हर कोशिश कर रहे हैं।" 

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि "अरविंद केजरीवाल एक विचारधारा, एक प्रेरणा हैं।" आतिशी ने अपनी बात बढ़ाते हुए कहा, "उन्होंने लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़कों पर उतरने के लिए अपनी आयकर की नौकरी छोड़ दी। आपने उन्हें लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकने के लिए गिरफ्तार किया है। लोकतंत्र को बचाने के लिए कई केजरीवाल सामने आएंगे।"

आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ईडी की हिरासत में केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। उन्होंने विशेष रूप से कहा, "दिल्ली के मुख्यमंत्री होने के नाते, केजरीवाल को Z+ सुरक्षा दी गई है। अब वह ईडी की हिरासत में हैं। केजरीवाल की सुरक्षा के लिए कौन जिम्मेदार होगा? ईडी कार्यालय में उनके लॉक-अप में कौन प्रवेश कर रहा है? केंद्र को उनकी सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जवाब देना होगा।"

उन्होंने भाजपा पर केजरीवाल और विपक्षी नेताओं के खिलाफ "राजनीतिक साजिश" रचने का आरोप लगाते हुए कहा, "अगर भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करने वाले नेता भाजपा में शामिल होते हैं, तो उनके मामलों की जांच नहीं की जाती है। हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया जाता है और कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए जाते हैं। यह चुनाव को प्रभावित करने का एक प्रयास है।"

उन्होंने कहा, "आप विपक्ष और आप के खिलाफ जो भी साजिश रच रहे हैं, दिल्ली, पंजाब और इस देश के लोग आपको करारा जवाब देंगे।" गौरतलब है कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। 

आतिशी ने कहा, "हम बीजेपी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। विरोध का डर सड़कों पर दिख रहा है। दिल्ली में आप मुख्यालय को किले में बदल दिया गया है। पार्टी कार्यालय के बाहर 2000-2500 पुलिसकर्मी तैनात हैं। कई अर्धसैनिक बल के जवान तैनात हैं। देश भर से पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को यहां बुलाया गया है।''

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad