Advertisement

बिहार की नई सियासी 'खिचड़ी' पार्टी: चाचा-भतीजे की लड़ाई में ढहा रामविलास का 'बंगला'? अब चिराग-पारस का क्या होगा

भतीजे चिराग पासवान और चाचा पशुपति कुमार पारस की लड़ाई ने दिवंगत नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास...
बिहार की नई सियासी 'खिचड़ी' पार्टी: चाचा-भतीजे की लड़ाई में ढहा रामविलास का 'बंगला'? अब चिराग-पारस का क्या होगा

भतीजे चिराग पासवान और चाचा पशुपति कुमार पारस की लड़ाई ने दिवंगत नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के 'बंगला' को ढहा दिया है। अब ये पार्टी दो हिस्सों में बंट गई है। चिराग की पार्टी  का नया नाम लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) दिया गया है। जबकि, पशुपति कुमार पारस की पार्टी का नाम राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी दिया गया है। 

ये भी पढ़ें- बिहार: चिराग और पारस दोनों को नहीं मिला 'बंगला', अब 'हेलीकॉप्टर' और 'सिलाई मशीन' से ही चलाना पड़ेगा काम

चुनाव आयोग ने चिराग और केंद्रीय मंत्री पारस गुट को अलग-अलग चुनाव चिन्ह और पार्टियों के नाम दिए हैं। चिराग को हेलिकॉप्टर छाप जबकि पारस को सिलाई मशीन आवंटित किया गया है। गौरतलब है कि राज्य के दो सीटों पर उपचुनाव होने हैं। पिछले दिनों चुनाव आयोग ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के चुनाव चिन्ह 'बंगला' को फ्रीज कर दिया था।

रामविलास पासवान के निधन के बाद से ये विवाद पार्टी में वर्चस्व को लेकर चल रहा था। बीते महीने पशुपति पारस गुट ने चिराग पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से हटा दिया था, जिसके बाद एलजेपी नेता चिराग ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर अपने बागी नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया था। लेकिन, मोदी मंत्रिमंडल विस्तार में पारस को खाद्य मंत्री बनाया गया। जिसके बाद से ये स्पष्ट माना जा रहा था कि लोजपा अब पशुपति पारस की ही है।

वहीं, चिराग पासवान अपने जनाधार को मजबूत करने के लिए करीब एक महीने से जन आशीर्वाद रैली कर रहे हैं। गौरतलब है कि दिवंगत नेता रामविलास पासवान ने वर्ष 2000 में लोक जनशक्ति पार्टी की स्थापना की थी। बीते दिनों चिराग ने पिता रामविलास की बरसी पर पटना में एक कार्यक्रम का आयोजन किया था, जिसमें चाचा पशुपति कुमार पारस भी पहुंचे थे। जिसके बाद माना जा रहा था कि ये झगड़ा खत्म हो जाएगा। लेकिन, अब चुनाव आयोग के फैसले के बाद से ये स्पष्ट हो गया है कि रामविलास का 'बंगला' दो हिस्सों में बंट गया है।

31 अक्टूबर को दो सीटें- कुशेश्वर और तारापुर सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर चिराग गुट सीएम नीतीश की पार्टी को नुकसान पहुंचाने की रणनीति बना रहा है जबकि पारस खेमा चिराग के खिलाफ खड़ा होने की तैयारी में है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad