Advertisement

राज्यसभा में टूटा कांग्रेस का वर्चस्व, अब भाजपा सबसे बड़ी पार्टी

उच्च सदन में भाजपा अब कांग्रेस को पछाड़ते हुए पहले नंबर की पार्टी बन गई है। लोकसभा के बाद अब राज्य सभा में भी भारतीय जनता पार्टी बड़े दल के रूप में उभरी है।
राज्यसभा में टूटा कांग्रेस का वर्चस्व, अब भाजपा सबसे बड़ी पार्टी

दरअसल, मध्य प्रदेश के संपतिया उइके के राज्य सभा के सदस्य बनते ही भाजपा के उच्च सदन में 58 सांसद हो गए। वहीं कांग्रेस के राज्य सभा में 57 सांसद हैं। मध्य प्रदेश में हुए उपचुनाव के बाद राज्यसभा में निर्वाचित भाजपा सांसद सम्पतिया उइके ने गुरूवार को शपथ ली। केंद्रीय मंत्री अनिल माधव दवे के निधन के बाद इस सीट पर चुनाव की जरूरत पड़ी। जिसमें उइके निर्विरोध चुनकर आए। गौरतलब है कि राज्य सभा में कुल 245 सीटें हैं। हालांकि भाजपा अभी राज्य सभा में बहुमत से दूर है।

बता दें कि इसी महीने राज्य सभा के लिए गुजरात और पश्चिम बंगाल में चुनाव होने हैं। जहां पश्चिम बंगाल में राज्य सभा की 6 और गुजरात में 3 सीटें खाली होने वाली हैं। इन सीटों के लिए अगले सप्ताह चुनाव होना है। गुजरात से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी से राज्य सभा चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल भी गुजरात से चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार में सियासी बदलाव के बाद में जदयू के साथ गठबंधन सरकार बनाने से भी भाजपा को राज्य सभा में फायदा पहुंचा है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad