Advertisement

कोरोना महामारी के दौरान बाबा सिद्दीकी ने बटोरी थी तारीफ, बॉलीवुड में भी थी अच्छी पैठ

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के खेरनगर इलाके में अपराधियों की गोली का शिकार हुए पूर्व मंत्री बाबा...
कोरोना महामारी के दौरान बाबा सिद्दीकी ने बटोरी थी तारीफ, बॉलीवुड में भी थी अच्छी पैठ

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के खेरनगर इलाके में अपराधियों की गोली का शिकार हुए पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी बॉलीवुड सितारों के बीच काफी लोकप्रिय थे और कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने पीड़ितों की विभिन्न प्रकार से सेवाएं करके काफी तारीफ बटोरी थी।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की शनिवार रात तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। देश में जब कोविड-19 का प्रकोप चरम पर था तो 66-वर्षीय राकांपा नेता ने जरूरतमंद मरीजों के लिए उन दवाओं की व्यवस्था की थी, जिनकी बड़े पैमाने पर आवश्यकता थी।

सिद्दीकी रमजान के महीने में भव्य इफ्तार का आयोजन करने के लिए भी जाने जाते थे। इसमें बॉलीवुड के प्रसिद्ध सितारे शामिल होते थे। सिद्दीकी ने विधानसभा में तीन बार बांद्रा (पश्चिम) सीट का प्रतिनिधित्व किया था। मुंबई के एक प्रमुख मुस्लिम नेता सिद्दीकी को सलमान खान, शाहरुख खान और संजय दत्त सहित बॉलीवुड के कई सितारों के करीबी के रूप में भी जाना जाता था।

उनके बेटे जीशान सिद्दीकी वर्तमान में मुंबई से कांग्रेस के विधायक हैं।

सिद्दीकी इस साल फरवरी में कांग्रेस से नाता तोड़कर राकांपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने सबसे पुरानी पार्टी को छोड़ने का कोई कारण नहीं बताया था, हालांकि केवल इतना कहा था कि “कुछ बातें अनकही ही रहना बेहतर है।”

सिद्दीकी के राकांपा में शामिल हो जाने से अजित पवार के नेतृत्व वाली पार्टी को लोकसभा चुनाव से पहले मजबूती मिली थी।

राकांपा के नेताओं को उम्मीद थी कि सिद्दीकी मुंबई में पार्टी के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पार्टी को उम्मीद थी कि खासकर, बृहन्मुंबई नगर निगम के चुनाव में मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में वह पार्टी के लिए कारगर साबित होंगे।

सिद्दीकी 1999, 2004 और 2009 में लगातार तीन बार विधायक रहे। वह 2004 से 2007 तक राज्य सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम और एफ.डी.ए. राज्य मंत्री रहे थे। इसके अलावा वह लगातार दो बार नगर निगम पार्षद भी रहे।

बाबा सिद्दीकी मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी रहे थे। उन्हें महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के संसदीय बोर्ड का सदस्य भी बनाया गया था।

सिद्दीकी ने राकांपा में शामिल होने से पहले कहा था, ‘‘इंदिरा गांधी-राजीव गांधी-संजय गांधी के समय से मैं कांग्रेस के साथ रहा हूं। वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मेरे पिता जैसे हैं, लेकिन कभी-कभी निजी जीवन में कुछ निर्णय लेने पड़ते हैं।’’

कोलगेट मैदान के पास बाबा सिद्दीकी के बेटे एवं विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे तीन लोगों ने उन्हें गोली मार दी थी। उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad