Advertisement

बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने चंद्रबाबू नायडू से बात की, तेदेपा नेता को बधाई दी

ओडिशा के निवर्तमान मुख्यमंत्री एवं बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने रविवार को तेलुगु देशम...
बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने चंद्रबाबू नायडू से बात की, तेदेपा नेता को बधाई दी

ओडिशा के निवर्तमान मुख्यमंत्री एवं बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने रविवार को तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेता एन चंद्रबाबू नायडू को हाल में हुए चुनावों में उनकी पार्टी की सफलता के लिए बधाई दी।

पटनायक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री एन चंद्र बाबू नायडू जी से बात की और हाल में संपन्न चुनावों में उनकी शानदार सफलता पर उन्हें बधाई दी। मैं अपनी राजनीतिक यात्रा के दौरान बहुत लंबे समय से उनके साथ जुड़ा रहा हूं। आपके नेतृत्व में आंध्र प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।’’

नायडू की पार्टी ने 175 सदस्यीय आंध्र प्रदेश विधानसभा में 135 सीट हासिल कीं। जनसेना पार्टी ने 21, वाईएसआरसीपी ने 11 और भाजपा ने आठ सीट पर जीत दर्ज की।

 संसदीय चुनाव में तेदेपा ने राज्य की 25 लोकसभा सीट में से 16 सीट पर जीत हासिल की, जबकि वाईएसआरसीपी को चार, भाजपा को तीन और जनसेना पार्टी ने दो सीट पर जीत दर्ज की।

दूसरी ओर, 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा के चुनाव में पटनायक के नेतृत्व वाले बीजद को केवल 51 सीट मिलीं और उसे हार का सामना करना पड़ा। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 78 सीट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। कांग्रेस को 14, निर्दलीय को तीन और माकपा के खाते में केवल एक सीट आई।

बीजद लोकसभा चुनाव में अपना खाता भी नहीं खोल सका, जबकि भाजपा ने 20 सीट जीतीं और एक सीट पर कांग्रेस विजयी रही।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad