Advertisement

भाजपा झूठे वादे करके ओडिशा की सत्ता में आई है: नवीन पटनायक

बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष एवं ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने बुधवार को दावा किया कि...
भाजपा झूठे वादे करके ओडिशा की सत्ता में आई है: नवीन पटनायक

बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष एवं ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने बुधवार को दावा किया कि भाजपा झूठे वादे और लोगों को गुमराह करके राज्य की सत्ता में आई है। पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक ने यहां पार्टी की वार्षिक ‘‘जन संपर्क यात्रा’’ शुरू करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए ये आरोप लगाए।

इस बीच सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि सभी चुनावी वादे पूरे किये गये हैं।पटनायक ने कहा, ‘‘ओडिशा में भाजपा झूठे वादे करके और लोगों से झूठ बोलकर सत्ता में आई है।’’

विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा किए गए वादों को गिनाते हुए बीजद प्रमुख ने पूछा कि क्या लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 3,000 रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिल रही है, जैसा कि चुनाव से पहले भाजपा के नेताओं ने वादा किया था।

राज्य सरकार की प्रमुख सुभद्रा योजना का जिक्र करते हुए पटनायक ने पूछा कि क्या महिलाओं को 50-50 हजार रुपये मिलते हैं, जैसा कि भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र में वादा किया था।

पटनायक ने कहा, ‘‘चुनाव के दौरान उन्होंने (भाजपा नेताओं ने) लोगों को कई चीजें देने का वादा किया था। अब भाजपा का झूठ पकड़ा गया है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं।

पिछले 24 वर्ष में बीजद सरकार के प्रदर्शन पर प्रकाश डालते हुए पटनायक ने कहा कि राज्य का गरीबी अनुपात 2000 में 70 प्रतिशत के मुकाबले 2024 में 10 प्रतिशत तक कम हो गया है।

उन्होंने कहा कि ओडिशा के लोगों की प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है और राज्य कई ‘‘डबल इंजन’’ सरकार वाले राज्यों से आगे है।

अपनी सरकार के कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए पटनायक ने कहा कि बीजद सरकार की बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना (बीएसकेवाई) से लाखों लोग लाभान्वित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि हालांकि, वर्तमान भाजपा सरकार ने इस योजना का नाम बदल दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘आप नाम, रंग बदल सकते हैं, लेकिन इतिहास नहीं बदल सकते। लोग सब जानते हैं।’’

पटनायक के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा प्रवक्ता मनोज महापात्रा ने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार ने चुनाव से पहले किए गए अपने वादों को पूरा किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘लोग सब कुछ जानते हैं और इसलिए पिछले चुनाव में बीजद को नकार दिया। पिछली बीजद सरकार ने राज्य को लूटा है और सभी मोर्चों पर विफल रही है।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad