Advertisement

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, "कांग्रेस शहरी नक्सलियों की प्रवक्ता बन गयी है"

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को विपक्षी...
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा,

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को विपक्षी कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उसे ‘शहरी नक्सलियों का प्रवक्ता’ बताया। नड्डा ने ओडिशा में भाजपा के सदस्यता अभियान के मौके पर एक बैठक को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।

उन्होंने बुद्धिजीवियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा , ‘‘कांग्रेस शहरी नक्सलियों की प्रवक्ता बन गयी है और वह देश में विभाजनकारी शक्तियों को बढ़ावा दे रही है।’’ राज्य में ये बुद्धिजीवी भाजपा में शामिल हो गये हैं।

उन्होंने अनुच्छेद 370 पर और तीन तलाक प्रथा के समापन पर भी कांग्रेस के रूख की निंदा की। दोनों दलों की तुलना करते हुए नड्डा ने कहा कि जहां कांग्रेस अकेले-अकेले काम करती है, वहीं भाजपा सबके साथ मिलकर काम करती है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हम 'सबका साथ, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि भाजपा एक सच्ची राष्ट्रवादी पार्टी है जो लोकतांत्रिक ढंग से काम करती है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा समर्पित कार्यकर्ताओं और अधिकतम जनाधार वाला एक वैचारिक दल है ।’’

नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी की संरचना नेताओं को जमीनी स्तर से उठकर ऊपर तक पहुंचने देती है। उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा में कोई नेता विशेषाधिकार से पैदा नहीं होता है, बल्कि यह एक पार्टी का कार्यकर्ता होता है जो अपने समर्पण के बल पर ऊपर उठता है।’’

भाजपा के सदस्यता अभियान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष और सामान्य कार्यकर्ता तक, सभी को जरूरी पुन: पंजीकरण कराना होता है। दो सितंबर को प्रधानमंत्री पार्टी के पहले सदस्य बने, उसके बाद मैं, अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बने। आज इस अभियान में हमारी सदस्यता छह करोड़ को पार कर गई है।’’

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचने पर नड्डा का पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री मोहन माझी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल, एवं अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad