Advertisement

छत्तीसगढ़ चुनाव: प्रियंका ने प्रति गैस सिलेंडर 500 रुपये की सब्सिडी का वादा किया

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने छत्तीसगढ़ की जनता से वादा किया है कि राज्य में पार्टी की सरकार...
छत्तीसगढ़ चुनाव: प्रियंका ने प्रति गैस सिलेंडर 500 रुपये की सब्सिडी का वादा किया

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने छत्तीसगढ़ की जनता से वादा किया है कि राज्य में पार्टी की सरकार बरकरार रहने पर महतारी न्याय योजना लागू की जाएगी जिसके तहत प्रति गैस सिलेंडर की रिफिल करने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी दी जाएगी तथा राज्य में दो सौ यूनिट तक बिजली भी मुफ्त दी जाएगी। प्रियंका ने खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के जालबांधा गांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए महिलाओं, आम जनता और किसानों के लिए आठ घोषणाएं कीं।

उन्होंने कहा, ”छत्तीसगढ़ की माताओं बहनों के लिए महतारी न्याय योजना लागू करेंगे, प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। राज्य में 200 यूनिट तक बिजली भी मुफ्त दी जाएगी। महिला स्व-सहायता समूहों के तथा सक्षम योजना के अंतर्गत लिए गए ऋण माफ किए जाएंगे। आगामी वर्षों में 700 नए ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना की जाएगी।”

प्रियंका ने ऐलान किया, ”राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश और हिंदी मीडियम स्कूलों में अपग्रेड किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के निवासियों के सड़क दुर्घटनाओं में तथा अन्य आकस्मिक दुर्घटनाओं में घायल होने पर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत नि:शुल्क इलाज किया जाएगा। परिवहन व्यवसाय से जुड़े 6,600 से अधिक वाहन मालिकों के वर्ष 2018 तक के 726 करोड़ राशि के बकाया मोटरयान कर और कर्ज के ब्याज को माफ किया जाएगा तथा राज्य के किसानों से ‘तिवरा’ फसल को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।”

बाद में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने हैंडल पर पोस्ट किया, ”हमारी गारंटी : महतारी न्याय योजना। फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ की माताओं एवं बहनों के लिए ‘महतारी न्याय योजना’ लागू कर प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर 500 रुपए की सब्सिडी घर की महिला के बैंक खाते में सरकार द्वारा सीधे जमा की जाएगी।’’ प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें बुखार है लेकिन जनता की खुशी देखकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि वह पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश गई थीं लेकिन वहां की जनता खुश नहीं थी।

उन्होंने कहा कि खैरागढ़ राजपरिवार और गांधी—नेहरू परिवार के बीच हमेशा से अच्छे रिश्ते रहे हैं और मुख्यमंत्री बघेल ने कांग्रेस की तरफ से उस रिश्ते को निभाते हुए खैरागढ़ को जिला बनाने की मांग पूरी की। प्रियंका ने छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जनता के कल्याण के लिए किए गए कामों की सराहना की और कहा कि मध्य प्रदेश की (भाजपा) सरकार के कारण वहां की जनता दुखी है। उन्होंने कहा ‘‘वहां की सरकार ने 22000 घोषणाएं कीं, लेकिन एक को भी पूरा नहीं किया बल्कि 220 घोटाले कर दिए।’’


उन्होंने कहा, ”मध्य प्रदेश में भाजपा 18 साल से सत्ता में है लेकिन उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया। वहां महिलाओं पर हिंसा सबसे ज्यादा होती है। मध्य प्रदेश में बलात्कार की प्रतिदिन सत्रह खबरें आती हैं। चुनाव से दो महीने पहले उन्होंने लाड़ली बहना योजना शुरू की और महिलाओं के खाते में कुछ पैसे डाले।” प्रियंका ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में किसानों, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों सभी के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि पहले बस्तर नक्सली समस्या के लिए जाना जाता था लेकिन आज वह मिलेट यानी मोटे अनाज के उत्पादन के लिए जाना जाता है।

कांग्रेस महासचिव ने जाति आधारित जनगणना की वकालत करते हुए कहा ‘‘जब संख्या के बारे में जानकारी ही नहीं होगी तब योजनाएं कैसी बनेंगी? लोगों का विकास कैसे होगा? भाजपा केवल कहती है कि वह एसटी, एससी, ओबीसी का उत्थान करना चाहती है लेकिन जब जाति जनगणना की बात आती है तब वह साफ मना कर देती है।’’ उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा, ”महिला आरक्षण विधेयक पारित कर दिया गया। खूब प्रचार किया गया लेकिन जानकारी मिली कि यह 10 साल तक लागू नहीं होगा। प्रचार हो जाता है, पब्लिसिटी भी हो जाती है लेकिन जमीन पर काम नहीं होता है। यह इनकी राजनीति है।”

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि केंद्र लोगों की संपत्ति छीन रहा है लेकिन छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार ने इसे लोगों को वापस दे दिया है। प्रियंका ने कहा, ”बघेल सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आपकी संपत्ति आपको वापस कर रही है… लेकिन केंद्र सरकार क्या कर रही है? यह संपत्तियों को छीन रही है और उन्हें अडानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को सौंप रही है। बंदरगाह, हवाई अड्डे, रेलवे और पीएसयू को औने-पौने दामों पर उद्योगपतियों को बेचा जा रहा है।”

उन्होंने कहा, ”हम समानता और सशक्तिकरण तथा सभी के प्रतिनिधित्व की बात करते हैं.. यह हमारी पार्टी की सोच है जो महात्मा गांधी की सोच और उनका दृष्टिकोण था कि जब तक ग्रामीण क्षेत्रों का विकास नहीं होगा, तब तक देश का विकास पूरा नहीं होगा।” भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने दर्शकों से पूछा, "क्या आप उन लोगों को वोट देंगे जो आपको धर्म के नाम पर गुमराह करते हैं और आपके जीवन में केवल समस्याएं लाते हैं, या उस पार्टी को वोट देंगे जो आपका विकास और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए काम करती है।" उन्होंने लोगों से अपने और अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कांग्रेस को वोट देने का आग्रह किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad