Advertisement

कांग्रेस ने जेल में बंद खुशी दुबे की मां को दिया टिकट, कल्याणपुर सीट से लड़ेंगी चुनाव

कांग्रेस ने सोमवार को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए तीन महिलाओं सहित सात और उम्मीदवारों की...
कांग्रेस ने जेल में बंद खुशी दुबे की मां को दिया टिकट,  कल्याणपुर सीट से लड़ेंगी चुनाव

कांग्रेस ने सोमवार को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए तीन महिलाओं सहित सात और उम्मीदवारों की घोषणा की है। इस बीच कल्याणपुर से पार्टी ने जेल में बंद खुशी दुबे की मां गायत्री तिवारी को मैदान में उतारा है। खुशी दुबे अमर दुबे की पत्नी हैं, जो जुलाई 2020 में कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले गैंगस्टर विकास दुबे के सहयोगी थे। विकास दुबे और अमर दुबे अलग-अलग मुठभेड़ों में मारे गए थे।

कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि विपक्षी दलों ने खुशी दुबे को लेकर आवाज उठाई है और सवाल किया है कि महज दो दिन पहले ससुराल आई एक महिला अपने पति द्वारा किए गए अपराध में कैसे शामिल हो सकती है।

खुशी दुबे की मां ने कुछ दिन पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की थी। बाद में कांग्रेस ने ऊंचाहार निर्वाचन क्षेत्र से अतुल सिंह के नाम की भी घोषणा की।

बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने ऐलान किया था कि वह उत्तर प्रदेश चुनाव में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देगी। राज्य में तीन दशक से सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

कांग्रेस उत्तर प्रदेश का चुनाव महिलाओं को ध्यान में रखकर लड़ रही है और युवाओं के लिए एक अलग घोषणा पत्र भी जारी किया है, जिसमें उन्हें रोजगार के अवसरों का आश्वासन दिया गया है। पार्टी ने एक रोडमैप तैयार किया है कि सत्ता में आने पर वह कैसे रोजगार मुहैया कराएगी। 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा में 10 फरवरी से 7 मार्च तक सात चरणों में मतदान होना है और मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad