दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को सचिवालय में राष्ट्रीय राजधानी की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के तुरंत बाद वासुदेव घाट पर अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ यमुना आरती की।
इससे पहले शालीमार बाग से पहली बार विधायक बनीं गुप्ता को उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके मंत्रिपरिषद ने भी शपथ ली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह, जे पी नड्डा और राजनाथ सिंह समेत भाजपा के शीर्ष नेता और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री इस समारोह में शामिल हुए।
बाद में गुप्ता दिल्ली सचिवालय पहुंचीं और दिल्ली के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। दिल्ली सचिवालय में उनकी मंत्रिपरिषद के नये सदस्य प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा भी मौजूद थे।