Advertisement

कांग्रेस के दिग्गज नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी का निधन

केरल के मुख्यमंत्री के तौर पर दो बार सेवाएं दे चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी का मंगलवार तड़के...
कांग्रेस के दिग्गज नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी का निधन

केरल के मुख्यमंत्री के तौर पर दो बार सेवाएं दे चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी का मंगलवार तड़के बेंगलुरु में निधन हो गया। 79 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। पिछले कुछ दिनों से वो बीमार चल रहे थे और बेंगलुरु के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। ओमन चांडी के निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने दुख जताया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी की पार्थिव देह को मंगलवार दोपहर को बेंगलुरु से तिरुवनंतपुरम लाया जाएगा। पार्टी ने यह जानकारी दी।

 

चांडी के पुत्र चांडी ओमन ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट के जरिए अपने पिता के निधन की जानकारी दी। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, ‘‘अप्पा का निधन हो गया।’’

केरल कांग्रेस अध्यक्ष के. सुधाकरन ने ट्वीट कर ओमन चांडी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमन चांडी का निधन हो गया है। प्रेम की शक्ति से दुनिया पर विजय पाने वाले राजा की कहानी का मार्मिक अंत हुआ। आज मैं एक महान व्यक्ति के निधन से बहुत दुखी हूं। उन्होंने अनगिनत व्यक्तियों के जीवन को प्रभावित किया और उनकी विरासत हमेशा हमारी आत्माओं में गूंजती रहेगी।

सीएम पिनाराई विजयन ने ट्वीट कर ओमन चांडी के निधन पर गहरा दुख जताया और कहा कि 'हम एक ही वर्ष में विधानसभा के लिए चुने गए थे। इसी चरण में हम छात्र जीवन के माध्यम से राजनीतिक क्षेत्र में आए थे। हमने एक ही समय में सार्वजनिक जीवन जीया था और उन्हें विदाई देना बेहद कठिन है। वे एक सक्षम प्रशासक और लोगों के जीवन से करीब से जुड़े रहने वाले व्यक्ति थे।"

 

केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीसन ने बताया कि चांडी का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार दोपहर को कोट्टायम के निकट पुथुपल्ली गिरजाघर में किया जाएगा। उन्होंने अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि चांडी के पार्थिव शरीर को आज राज्य सचिवालय के ‘दरबार हॉल’ में रखा जाएगा ताकि आम लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें।

सतीसन ने कहा, ‘‘इसके बाद पार्थिव देह सचिवालय के निकट सेंट जॉर्ज कैथेड्रल ले जाई जाएगी, जहां चांडी प्रार्थना किया करते थे। बाद में उसे इंदिरा भवन में ले जाया जाएगा, जहां पार्टी कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।’’ तिरुवनंतपुरम स्थित इंदिरा भवन केरल में कांग्रेस का मुख्यालय है।पार्थिव शरीर को बुधवार सुबह पुथुपल्ली ले जाया जाएगा।

सतीसन ने कहा, ‘‘हमने कोट्टायम के तिरुनाक्कारा मैदान में व्यवस्था की है, ताकि आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। चांडी के पार्थिव शरीर को शाम को पुथुपल्ली स्थित उनके घर ले जाया जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार अपराह्न दो बजे पुथुपल्ली गिरजाघर में होगा।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad