Advertisement

आरएसएस मुख्यालय के पास होगी भीम आर्मी की बैठक, मुंबई हाई कोर्ट ने शर्तों के साथ दी मंजूरी

मुंबई हाई कोर्ट की नागपुर पीठ ने शुक्रवार को भीम आर्मी को कुछ शर्तों के साथ आरएसएस मुख्यालय के पास...
आरएसएस मुख्यालय के पास होगी भीम आर्मी की बैठक, मुंबई हाई कोर्ट ने शर्तों के साथ दी मंजूरी

मुंबई हाई कोर्ट की नागपुर पीठ ने शुक्रवार को भीम आर्मी को कुछ शर्तों के साथ आरएसएस मुख्यालय के पास कार्यकर्ताओं के साथ  बैठक करने को मंजूरी दे दी है। यह बैठक 22 फरवरी को नागपुर के रेशमबाग में होगी। वहीं, भीम आर्मी प्रमुख चन्द्रशेखर ने ऐलान किया है कि इसी दिन वह आरएसएस मुख्यालय के सामने तिरंगा फहराएंगे।

जस्टिस सुनील बी शुक्रे और माधव जे जामदार की पीठ ने भीम आर्मी की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि याचिका को शर्तों के साथ मंजूरी दी गई है। कोर्ट ने कहा कि बैठक धरना या विरोध प्रदर्शन में तब्दील नहीं होना चाहिए और न ही भड़काऊ भाषण दिया जाएगा। वातावरण भी शांतिपूर्ण बना रहना चाहिए। यह केवल कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। कोर्ट ने इसके लिए भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को हलफनामा देने के लिए भी कहा है कि वे शर्तों का पालन करेंगे। पीठ ने चेतावनी दी है कि शर्तों का उल्लंघन होने पर आपराधिक कार्रवाई के साथ ही कोर्ट की तौहीन की कार्यवाही भी की जायेगी।

पुलिस ने मंजूरी देने से किया था इनकार

पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा था कि जिस मैदान में संगठन ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता पंजीकरण (एनआरसी) का विरोध करने के लिए मंजूरी मांगी है, वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय के करीब है। संगठन के विचार और संघ के विचारों में विरोधाभास होने के कारण कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। याचिका पर मंगलवार को कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार और नागपुर के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी किये थे। इससे पहले, पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए इस मैदान में बैठक की मंजूरी देने से इनकार कर दिया था। यह मैदान आरएसएस मुख्यालय के करीब है। जिस पर हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी।

मुख्यालय के सामने फहराएंगे तिरंगा

वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने ट्वीट कर कहा, ''मैं कल 2 बजे रेशमबाग नागपुर आ रहा हूं। फर्जी राष्ट्रवादियों का संगठन आरएसएस जिसने आज तक तिरंगे को सम्मान नही दिया कल हम उनके हेडक्वार्टर के सामने तिरंगा फहराएंगे। मैं चाहूंगा कि कल सभी साथी रेशमबाग तिरंगा लेकर पहुंचे और बता दें कि इनके भगवे पर हमारा तिरंगा भारी है। बता दें कि कल 2 से 5 बजे तक रेशमबाग नागपुर में जनसभा होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad