Advertisement

अखिलेश यादव ने दिए मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन के संकेत, कहा- हम आज भी तैयार

समाजवादी पार्टी (एसपी) के प्रमुख अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश में गठबंधन नहीं करने को लेकर कांग्रेस पर...
अखिलेश यादव ने दिए मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन के  संकेत, कहा- हम आज भी तैयार

समाजवादी पार्टी (एसपी) के प्रमुख अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश में गठबंधन नहीं करने को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे आभारी हैं कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में गठबंधन नहीं किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन के लिए आज भी तैयार है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अखिलेश यादव ने कहा, “राज्य में अभी चुनाव खत्म नहीं हुए हैं। मैं आपको बताना चाहता हूं कि अभी भी गठबंधन किया जा सकता है। अगर कांग्रेस बहुजन पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ चुनाव में जाती है तो वह आसानी से 200 या इससे ज्यादा सीटें जीत सकती है।”

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश ने कहा, "मैं समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के साथ गठबंधन नहीं बनाने के लिए कांग्रेस का आभारी हूं, अब हम उन्हें बता सकते हैं उनकी दोषपूर्ण नीतियों के कारण ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज सत्ता में है।"

इस महीनें की शुरुआत में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर कहा था कि कांग्रेस ने उन्हें जरूरत से ज्यादा इंतजार करवाया है। इसके बाद ही उन्होंनें राज्य में अपने छह उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।

राज्य के आदिवासी क्षेत्रों में सक्रिय रहने वाली गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ भी सपा का गठबंधन है। ध्यान हो कि पिछले साल उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-सपा गठबंधन को मिली जबरदस्त हार के बाद से सपा ने कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर अपने हाथ पीछे खींच लिए थे।

बता दें कि मध्य प्रदेश की 230 सीटों के लिए 28 नवंबर को चुनाव होने हैं। कांग्रेस इस चुनाव में अकेले ही उतर रही है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि चुनाव से पहले बसपा ने कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना को नकार दिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad