Advertisement

सोनिया गांधी का कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम को पत्र, कहा- उठाएं प्रभावी कदम

देश में बढ़ते मामलों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासित राज्यों के...
सोनिया गांधी का कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम को पत्र,  कहा- उठाएं प्रभावी कदम

देश में बढ़ते मामलों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर कोरोना वायरस के लिए प्रभावी कदम उठाने और पूरी तैयारी करने की सलाह दी है। पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों को लिखे पत्रों में उन्होंने कहा, ‘‘हम वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य से जुड़ी आपात स्थिति में हैं। दुनिया भर में इसे लेकर उठाए जा रहे कदमों के साथ ही हमें घरेलू स्तर पर भी प्रभावी कदम उठाने होंगे।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता में भी इजाफा किया जाए।’ स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े उपकरणों की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और सघन चिकित्सा सेवा की सुविधाओं को भी बढ़ाया जाए।

जागरूकता अभियान शुरू करने पर जोर

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस वायरस से पीड़ितों की जांच और संक्रमित मरीजों को अलग रखे जाने की व्यवस्था बनाई जाए। राज्य सरकारों को भी बड़े पैमाने पर लोगों के एक साथ जमा नहीं होने की सलाह भी जारी की जाए। इससे इस वायरस के प्रसार पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना के बारे में दुष्प्रचार पर रोक लगाने के लिए जागरुकता अभियान भी शुरू किया जाए।

कोरोना के 31 पॉजिटिव मामले

देश में कोरोना वायरस के 31 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। थाईलैंड और मलेशिया की यात्रा करने वाला दिल्ली का व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। इसके साथ ही भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad