Advertisement

रामलीला मैदान में स्वराज इंडिया की जवाब दो, हिसाब दो रैली

उपराज्यपाल प्रशासन, दिल्ली सरकार की आप सरकार और भाजपा नीत एमसीडी के कामकाज पर सवालिया निशान लगाते हुए स्वराज इंडिया पार्टी ने कहा है कि रविवार को रामलीला मैदान में दिल्ली की जनता के सानिध्य में इन तीनों सरकारों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लायेगी।
रामलीला मैदान में स्वराज इंडिया की जवाब दो, हिसाब दो रैली

स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुपम ने बताया कि 12 फरवरी को एेतिहासिक रामलीला मैदान में स्वराज इंडिया दिल्ली की तीनों सरकारों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी। दिल्ली में तीन सरकारों में एक केंद्र के तहत एलजी की सरकार, दूसरी केजरीवाल नीत की राज्य सरकार और तीसरी नगर निगम की सरकार है मोदीजी की पार्टी चला रही है। दिल्ली के लोग कह रहे हैं - तीन सरकार, तीनों बेकार है।

स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने दिल्ली के हर आम आदमी से रामलीला मैदान पहुंच कर आंदोलन को मजबूत और कार्यक्रम को असरदार बनाने की अपील की है। प्रशांत भूषण, योगेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में स्वराज इंडिया दिल्ली में पिछले एक महीने से जवाब दो, हिसाब दो मुहिम चलाया था। स्वराज इंडिया के कार्यकर्ताओं ने पूरी दिल्ली में लोगों के घर-घर जाकर संवाद कर रहे हैं, साथ ही केंद्र, राज्य और नगर निगम की तीनों सरकार के कामकाज का सर्वे किया।

स्वराज इंडिया ने दावा किया कि जवाब दो, हिसाब दो सर्वे में दिल्ली सरकार और नगर निगम के कामकाज के बारे में पूछा गया। इसमें मात्रा 11.6 प्रतिशत लोग ही दिल्ली सरकार से ख़ुश हैं, वहीं सिर्फ 8 प्रतिशत लोग नगर निगम के काम से ख़ुश हैं। इसमें दावा किया गया है कि सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया था कि वो अपने पार्षद, एमएलए और एमपी के काम से ख़ुश हैं या नहीं। 85.8 प्रतिशत लोग अपने पार्षद के काम से ख़ुश नहीं हैं, वहीं 86.2 प्रतिशत लोग अपने एमएलए के काम से ख़ुश नहीं हैं और 71.6 प्रतिशत लोग अपने सांसद के काम से ख़ुश नहीं हैं।

उल्लेखनीय है कि 12 फरवरी को एेतिहासिक रामलीला मैदान में स्वराज इंडिया की जवाब दो, हिसाब दो रैली होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad