बिहार की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में जारी जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर को लेकर तंज कसा है।
तेजस्वी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि जिस इंसान का पूरा राजनीतिक सफर ही साजिशों से भरा हुआ है, उससे हम उम्मीद भी क्या कर सकते हैं। तेजस्वी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, जिस शख़्स की पूरी राजनीति ही कुचक्र, छल, कपट,प्रपंच, षढयंत्र,पलटी और स्वार्थ से लैस हों और जिसकी प्रवृति में ही ऐसी विकृति हो तो उनसे उम्मीद भी आप क्या कर सकते है?
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि आज तक जिन लोगों ने भी नीतीश कुमार का साथ दिया है, उन्होंने उन सब लोगों को ही धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि आदरणीय जॉर्ज फर्नांडिस साहब, दिग्विजय सिंह जी, लालू जी, शरद यादव जी, उपेन्द्र कुशवाहा जी, जीतनराम माँझी जी, राहुल गांधी जी और श्री नरेंद्र मोदी जी समेत अनेक पुरोधाओं का हमारे अभिभावक आदरणीय नीतीश चाचा जी विभिन्न-विभिन्न अवसरों पर जरुरत के मुताबिक प्रयोग कर उन्हें दगा दे चुके हैं।
तेजस्वी ने कहा कि नीतीश जी को क्या उपाधि दी जाए, यह आप ही निर्धारित कीजिए क्योंकि उपरोक्त सभी नेतागण साधारण गुणों से संपन्न है जबकि नीतीश जी तो अतिसाधारण प्रतिभा के अति अतिसाधारण सर्वगुण संपन्न व्यक्ति है। इनके जोड़ का व्यक्तित्व देशभर क्या पूरे विश्व में नहीं है। वो कभी भी आपकी छवि धूमिल कर और करवा सकते है। समझ रहे है ना....।
बता दें कि शुक्रवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा था कि उन्होंने साजिश रचकर उन्हें सीएम के पद से हटाया है।