Advertisement

दुश्मन हमें अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है लेकिन पूरा देश एक साथ खड़ा है: पीएम मोदी

पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान में जारी तनाव और भी बढ़ गया है। पाकिस्तान में मौजूद आतंकी...
दुश्मन हमें अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है लेकिन पूरा देश एक साथ खड़ा है: पीएम मोदी

पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान में जारी तनाव और भी बढ़ गया है। पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर भारत की एयर स्ट्राइक के बाद से ही पाकिस्तान बौखला गया है। पाकिस्तान का दावा है कि उसने भारतीय सीमा में घुसकर लड़ाकू विमानों से बम गिराए और इस दौरान उसने भारत के दो विमानों को निशाना बनाया। उनमें से एक के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान पाकिस्तान की सीमा में जा गिरे जो अब पाकिस्तानी सेना के पास हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के जरिए इस मुद्दे पर बात रखी। विपक्षी दल इस कार्यक्रम को न टालने को लेकर भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि देश की भावनाएं आज एक अलग स्तर पर हैं। देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा के पार भी अपना पराक्रम दिखा रहा है। पूरा देश आज एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है। दुनिया हमारे कलेक्टिव विल को देख रही है। हमारी सेनाओं के सामर्थ्य पर हमें भरोसा है। इसलिए बहुत आवश्यक है कि कुछ भी ऐसा न हो जिससे उनके मनोबल पर आंच आए या हमारे दुश्मनों को हम पर ऊंगली उठाने का मौका मिल जाए।

भारत एक बनकर लड़ेगा और जीतेगा

पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक बनकर रहेगा, भारत एक बनकर जिएगा, भारत एक बनकर काम करेगा, भारत एक बनकर आगे बढ़ेगा, भारत एक बनकर लड़ेगा और भारत एक बनकर जीतेगा। हमारा देश नई नीति और नई रीति के साथ क्षमताओं का विस्तार करने में जुटा है। आज भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है। भारत का युवा उत्साह और ऊर्जा से भरा है। किसान से जवान तक हर किसी को विश्वास मिला है कि नामुमकिन अब मुमकिन है।

हमने देश को निर्णय लेने वाली सरकार दी

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत की सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई थी। देश को पॉलिसी पैरालिसिस था। हमने ऐसी सरकार दी जो निर्णय ले सके। देश की सुरक्षा और सामर्थ्य का संकल्प लेकर हमारा जवान सीमा पर जुटा हुआ है। हम सब पराक्रमी भारत के नागरिक हैं। इसलिए हम सबको भी सिपाही बनकर देश की समृद्धि और सौहार्द के लिए दिन रात एक करना होगा। यह हमारी पहली जिम्मेदारी है। पराक्रमी कभी यह नहीं सोचता, बहुत हो गया सो जाओ।

दुश्मन चाहता है हमारी प्रगति रुक जाए

उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दुश्मन भारत को अस्थिर करने की साजिश करता है। जब आतंकी हमला करता है। उनका एक मकसद यह भी होता है कि हमारी प्रगति रुक जाए, हमारी गति रुक जाए। हमारा देश थम जाए। उनके इस मकसद के सामने हर भारतीय को दीवार बनकर, चट्टान बनकर खड़ा होना है। उन्होंने कहा कि देश का हर जवान देश की सीमा में और सीमा के पार अपना पराक्रम दिखा रहा है। पूरा देश एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है।

विंग कमांडर अभिनंदन को वापस लाने की मांग

विंग कमांडर अभिनंदन को वापस भारत भेजने के लिए सोशल मीडिया पर बड़ा अभियान छिड़ा है, वहीं भारत ने भी आधिकारिक तौर पर पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया है। भारत का कहना है कि जेनेवा संधि के तहत पाकिस्तान को तुरंत विंग कमांडर को वापस सौंपना चाहिए, जब तक वह पाकिस्तान के पास है उनपर कोई आंच नहीं आनी चाहिए।

उत्तरी राज्य हाई अलर्ट पर 

तनाव को देखते हुए भारत के उत्तरी राज्य अलर्ट पर हैं, बुधवार को कुछ समय के लिए यात्री विमानों की उड़ान पर रोक भी लगी थी, हालांकि बाद में उसे दोबारा चालू किया गया। अभी सभी एयरपोर्ट अलर्ट पर हैं, वायुसेना के लड़ाकू विमान भी किसी तरह के हालात के लिए तैयार हैं। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad