रांची के ओरमांझी में युवती की नंगी हालत में मिली लाश पर बवाल के बाद राजनीति तेज हो गई है। इसी घटना के विरोध में प्रदर्शन के क्रम में सोमवार की शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले पर हमला किया गया। दुष्कर्म और हत्या को लेकर भाजपा ने आज जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन का निर्णय किया है तो झारखंड में सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी हेमंत पर हमले और भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ भाजपा का पुतला दहन का निर्णय किया है। परस्पर विरोधी कार्यक्रम के कारण टकराव की आशंका बन रही है।
ओरमांझी में युवती की मिली लाश की पहचान न होने, किसी अपराधी के न पकड़े जाने और प्रदेश में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं को भाजपा तूल दे रही है। भाजपा ने आज जिला मुख्यालयों पर 11.30 बजे से एक दिनी धरना देने का निर्णय किया है। भाजपा के एलान के बाद सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने हेमंत सोरेन के काफिले पर हमला और भाजपा शासित राज्यों में दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में भाजपा का पुतला दहन का निर्णय किया है। एक ही दिन पक्ष-विपक्ष के कार्यक्रम को देखते हुए जिलों में टकराव की आशंका के मद्देनजर प्रशासन की चुनौती बढ़ गई है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ दीपक वर्मा ने कहा कि राज्य में दुष्कर्म की अनियंत्रित घटनाओं और इसे रोकने में राज्य सरकार की नाकामी के विरोध में भाजपा ने आंदोलन का निर्णय किया है। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के निर्देश पर छह जनवरी को झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में एवं सात जनवरी को प्रदेश के सभी प्रखंड प्रमुख मुख्यालयों में धरना का निर्णय किया गया है। इसके बाद राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जायेगा। भाजपा ने हेमंत सोरेन के काफिले पर हमला मामले में निर्दोष लोगों को फंसाने का आरोप लगाया है।
इधर सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष एवं सचिव को निर्देश दिया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भाजपा समर्थित तत्वों द्वारा किये गये हमले एवं भाजपा शासित राज्यों में बढ़ महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अत्याचार एवं व्यभिचार के खिलाफ छह जनवरी को संध्या चार बजे सभी जिला मुख्यालयों पर भाजपा का पुतला दहन किया जायेगा।