Advertisement

विधानसभा चुनाव 2023: राजस्थान, एमपी समेत चार राज्यों की इन हॉट सीटों पर टिकी सबकी निगाहें

लोकसभा चुनाव भले अगले साल होने हैं लेकिन उसका काउंटडाउन हाल में संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा...
विधानसभा चुनाव 2023: राजस्थान, एमपी समेत चार राज्यों की इन हॉट सीटों पर टिकी सबकी निगाहें

लोकसभा चुनाव भले अगले साल होने हैं लेकिन उसका काउंटडाउन हाल में संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से ही शुरू हो चुका है। आज रविवार को राजस्थान, एमपी, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में वोटों की गिनती की जा रही है। कई सारे प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है मगर कुछ चुनिंदा हॉटसीट हैं, जिनपर निगाहें पूरे देश ने टिकाई हुई हैं। 

राजस्थान

सरदारपुरा: अपनी पारंपरिक सीट सरदारपुरा से राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चुनावी मैदान में हैं। बीजेपी ने अशोक गहलोत के खिलाफ महेंद्र सिंह राठौड़ को चुनावी मैदान में उतारा है। सीएम गहलोत के कारण भी इसे एक हाई प्रोफाइल सीट माना जा रहा है।

झालरापाटन: राजस्थान की हाई प्रोफाइल सीटों में से एक सीट झालरापाटन की है। इस सीट से बीजेपी की कद्दावर नेता और राज्य की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे मैदान में हैं। वसुंधरा राजे 2003 से लगातार यहां की विधायक हैं। कांग्रेस ने रामलाल चौहान को उम्मीदवार बनाया है।

टोंक: टोंक से प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट मैदान पर उतरे हैं। इस बार टोंक से पायलट के सामने बीजेपी के अजीत सिंह मेहता ताल ठोंक रहे हैं। गौरतलब है कि अजीत सिंह मेहता 2013 से 2018 तक टोंक सीट से विधायक रह चुके हैं। ऐसे में यहां टक्कर तगड़ी मानी जा रही है।

झोटवाड़ा: राजस्थान के झोटवाड़ा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर मैदान पर हैं। चुनाव में यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस के अभिषेक चौधरी बनाम भाजपा के राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के बीच है। 

विद्याधर नगर: विद्याधर नगर विधानसभा सीट पर मुकाबला बीजेपी की दीया कुमारी और कांग्रेस के सीताराम अग्रवाल के बीच है।

मध्य प्रदेश

बुधनी: सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा प्रदेश की सबसे हाई प्रोफाइल सीट है। यहां से प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस ने विक्रम मस्ताल को टिकट दिया है। 

छिंदवाड़ा: इस सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और 2018 में सीएम बने कमलनाथ मैदान में हैं। इस सीट पर सबकी नजरे हैं। भाजपा ने यहां जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू को उतारा है। 

दिमनी: मुरैना जिले की दिमनी सीट भी इस बार हॉट सीट बनी हुई है। इसका कारण यहां से भाजपा के कद्दावर नेता और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के रवीन्द्र सिंह तोमर से है। हालांकि यहां त्रिकोणीय टक्कर मानी जा रही है। 

इंदौर-1: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की विधानसभा सीट 1 पर इस बार भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को उतारा है। इस वजह से ये सीट भी सबकी नजरों में है। कांग्रेस ने वर्तमान विधायक संजय शुक्ला को मैदान में उतारा है। 

दतिया: यह सीट प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के कारण चर्चा में है। नरोत्तम मिश्रा भाजपा के तेजतर्रार नेता माने जाते हैं। कांग्रेस ने राजेंद्र भारती को टिकट दिया है। 

नरसिंहपुर: नरसिंहपुर सीट केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के नाम से चर्चा में आई है। भाजपा ने मौजूदा विधायक जालम सिंह पटेल का टिकट काटकर प्रह्लाद को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने लाखन सिंह पटेल को पर दांव लगाया है। 

निवास: मंडला जिले की निवास विधानसभा सीट पर इस पर भाजपा ने केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को मैदान में उतारा है। इसीलिए इस सीट की चर्चा प्रदेशभर में है। कांग्रेस ने यहां से चैन सिंह वरकड़े को टिकट दिया है। 

तेलंगाना

गजवेल: सिद्दीपेट जिले में पड़ने वाली गजवेल विधानसभा सीट राज्य की सबसे चर्चित सीटों में शामिल है। यहां राज्य के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव बीआरएस के उम्मीदवार हैं। 

कामारेड्डी: मुख्यमंत्री दो सीटें से चुनावी मैदान में हैं। केसीआर गजवेल के अलावा कामारेड्डी सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां उनकी लड़ाई कांग्रेस के उम्मीदवार ए. रेवंत रेड्डी से है, जो तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं।

जुबली हिल्स: भरत के पूर्व क्रिकेटर और कप्तान मोहम्मद मोहम्मद अजहरुद्दीन की दावेदारी से हैदराबाद जिले की जुबली हिल्स सीट भी इस बार काफी चर्चा में है।

चंद्रयानगुट्टा: हैदराबाद जिले में आने वाली चंद्रयानगुट्टा सीट से असदुद्दीन ओवैसी के भाई अकबरुद्दीन ओवैसी चुनाव लड़ रहे हैं, जो यहां से एआईएमआईएम के मौजूदा विधायक भी हैं। 

सिरसिला: तेलंगाना के सीएम के. चंद्रशेखर राव के बेटे के.टी. रामाराव सिरसिला सीट से बीआरएस के उम्मीदवार हैं। उन्हें पार्टी में सीएम के बाद दूसरा सबसे बड़ा चेहरा माना जाता है। 

छत्तीसगढ़ 

पाटन: प्रदेश के मुख्यमंत्री और कोंग्रेस नेता भूपेश बघेल को पाटन में टक्कर देने के लिए इस चुनाव में मुख्य सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने उनके ही भतीजे विजय बघेल को मैदान में उतारा है।

कवर्धा: कबीरधाम जिले की कवर्धा विधानसभा सीट की गिनती राज्य की हाई प्रोफाइल विधानसभा सीटों में होती है। कांग्रेस ने मोहम्मद अकबर को चुनाव मैदान में उतारा है। वह राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। बीजेपी ने इस विधानसभा सीट से विजय शर्मा को टिकट दिया है।

राजनांदगांव: रमन सिंह पर इस बार बीजेपी की सत्ता में वापसी कराने की बड़ी जिम्मेदारी है। वो यहां से जीत की हैट्रिक भी लगा चुके हैं। इस सीट को बीजेपी का अभेद किला भी माना जाता है। कांग्रेस ने गिरीश देवांगन को उम्मीदवार बनाया है।

भरतपुर: मोदी कैबिनेट की मंत्री रेणुका सिंह को बीजेपी ने भरतपुर सोनहत विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। जिस कारण यह विधानसभा सीट राज्य की हाई प्रोफाइल सीट में शामिल हो गई है। गुलाब कमरो कांग्रेस की तरफ से उम्मीदवार हैं।

अंबिकापुर: सरगुजा क्षेत्र का अंबिकापुर विधानसभा सीट काफी हाई प्रोफाइल माना जा रहा है क्योंकि यहां से खुद कांग्रेस के कद्दावर नेता और मौजूदा सरकार में डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी के अनुराग सिंह के साथ उनकी टक्कर है। 

लोरमी: छत्तीसगढ़ की लोरमी सीट वीआईपी सीटों में से एक है। यहां पर इस बार बीजेपी प्रत्याशी अरुण साव और कांग्रेस के थानेश्वर साहू आमने-सामने हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad