Advertisement

किसान आंदोलन हरियाणा में भाजपा-जजपा को पड़ा भारी, दो तिहाई सीटों पर मिली हार

कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन का असर हरियाणा नगर निगम के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी...
किसान आंदोलन हरियाणा में भाजपा-जजपा को पड़ा भारी, दो तिहाई सीटों पर मिली हार

कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन का असर हरियाणा नगर निगम के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के परिणामों पर भी पड़ा है।  सत्तारूढ़ भाजपा-जजपा गठबंधन को महापौर की तीन सीटों के लिए हुए चुनाव में सिर्फ एक जगह ही कामयाबी मिल सकी। अंबाला, पंचकुला और सोनीपत शहरों में महापौर पद के लिए रविवार को चुनाव हुए थे।

भाजपा को पंचकुला में जीतने के लिए संघर्ष करना पड़ा वहीं कांग्रेस और हरियाणा जन चेतना पार्टी ने क्रमशः सोनीपत और अंबाला में जीत हासिल की। यह पहला अवसर था कि तीन शहरों में महापौर पदों के लिए प्रत्यक्ष चुनाव हुए थे। जबकि दो साल पहले हरियाणा के 5 शहरों में महापौर चुनावों में बीजेपी को जीत मिली थी। भाजपा ने 2018 में हिसार, करनाल, पानीपत, रोहतक और यमुनानगर में महापौर के चुनाव जीते थे।

लेकिन इस बार बीजेपी को सोनीपत में बडोदा विधानसभा उपचुनाव जीतने में उसे हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस ने सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। अंबाला में महापौर पद के लिए हुए चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा की पत्नी और हरियाणा जन चेतना पार्टी (एचजेसीपी) की उम्मीदवार शक्ति रानी शर्मा विजयी रहीं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार वंदना शर्मा को 8,084 मतों से हराया। अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस उम्मीदवार चौथे स्थान पर रहे।

उधर भाजपा के कुलभूषण गोयल पंचकूला में नए महापौर होंगे। उन्होंने कांग्रेस की उपिंदर कौर अहलूवालिया को 2,057 वोटों से हराया। जबकि  सोनीपत में कांग्रेस ने महापौर का चुनाव जीता। पार्टी के निखिल मदान ने भाजपा के ललित बत्रा को 13,818 मतों से हराया।

रेवाड़ी में नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष और सदस्यों के अलावा सांपला (रोहतक), धारूहेड़ा (रेवाड़ी) और उकलाना (हिसार) की नगरपालिका समितियों के चुनाव के लिए भी वोटिंग हुई थी। अंबाला में भाजपा ने 20 में से 8, एचजेसीपी ने 7, कांग्रेस ने 3 और हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट ने 2 सीटें जीतीं। सोनीपत में भाजपा ने 10 वार्ड में जीत हासिल की जबकि कांग्रेस को 9 सीटें मिलीं, वहीं 1 सीट पर निर्दलीय विजयी हुआ।

पंचकुला में भाजपा और कांग्रेस ने क्रमशः नौ और सात सीटें जीतीं वहीं जजपा को दो सीटें मिलीं। रेवाड़ी नगरपालिका अध्यक्ष के लिए चुनाव में भाजपा की पूनम यादव विजयी रहीं। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी उपमा यादव को 2,087 मतों से हराया। कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही। भाजपा-जजपा गठबंधन धारुहेड़ा, सांपला और उकलाना में नगरपालिका समितियों का अध्यक्ष पद हासिल करने में नाकाम रहा। वहां निर्दलीय प्रत्याशियों को जीत हासिल हुयी।क्रमशः  धारुहेड़ा से कंवर सिंह, सांपला से पूजा और उकलाना में सुशील साहू वाला विजयी हुए।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad