Advertisement

भाजपा नेताओं को राजस्थान वासियों पर भरोसा, वसुंधरा राजे ने कहा- 'अंडर करंट हमारे पक्ष में है'

राजस्थान में 199 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग फिलहाल जारी है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री...
भाजपा नेताओं को राजस्थान वासियों पर भरोसा, वसुंधरा राजे ने कहा- 'अंडर करंट हमारे पक्ष में है'

राजस्थान में 199 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग फिलहाल जारी है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भरोसा जताया है कि राजस्थान विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत होगी और तीन दिसंबर को कमल खिलेगा। उन्होंने सीएम अशोक गहलोत के एक बयान पर भी पलटवार किया। 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के "अंडर करंट" संबंधी बयान पर टिप्पणी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा, "मैं उनसे सहमत हूं। वास्तव में ‘अंडर करंट’ है लेकिन भाजपा के पक्ष में है। तीन दिसंबर को कमल खिलेगा।" बता दें कि इससे पहले गहलोत ने जोधपुर में कहा था कि ऐसा लगता है कि एक "अंडर करंट" है और राज्य में कांग्रेस की सरकार दोबारा बनेगी।

राजे ने मतदाताओं, विशेषकर नये मतदाताओं से वोट डालने का आह्वान किया। राज्य के 200 विधानसभा क्षेत्रों में से 199 पर मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हुआ। मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सी पी जोशी ने भी दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश मिलेगा। जोशी ने चित्तौड़गढ़ में पीटीआई भाषा से कहा, "कांग्रेस ने पांच साल के अपने शासन काल में लोगों को धोखा दिया और केवल भ्रष्टाचार किया। मतदाता आज मतदान में इसका जवाब देंगे। सत्ता में आने के बाद, कांग्रेस वादे भूल गई। उसने केवल भ्रष्टाचार किया है और लोगों को धोखा दिया है।"

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने परिवार के साथ जोधपुर में वोट डाला। उन्होंने कहा, "हमें शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है। राज्य के मतदाताओं को यह ध्यान में रखते हुए मतदान करने की जरूरत है कि राजस्थान भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए ग्रोथ इंजन कैसे बन सकता है।"

इसी तरह भाजपा के सांसद व झोटवाड़ा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि मतगणना के दिन सब कुछ साफ हो जाएगा। गहलोत के ‘‘अंडर करंट’’ वाले बयान को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘शायद उन्हें मतगणना के दिन करंट महसूस हो।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad