Advertisement

विधानसभा उप-चुनावों में भाजपा को बढ़त, 21 सीटें जीती, 19 पर आगे

बिहार विधानसभा के साथ 11 राज्यों की 59 विधानसभा सीटों पर हुए उप चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने...
विधानसभा उप-चुनावों में भाजपा को बढ़त, 21 सीटें जीती, 19 पर आगे

बिहार विधानसभा के साथ 11 राज्यों की 59 विधानसभा सीटों पर हुए उप चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपना परचम लहराते हुए 21 सीटें अपनी झोली में डाल ली हैं और 19 पर बढ़त बनाये हुए है जबकि कांग्रेस ने तीन सीटें जीती हैं और आठ सीटों पर आगे है।

चुनाव आयोग से मिले रुझानों के अनुसार, भाजपा ने मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर हुए उपचुनावों में से नौ में जीत हासिल कर ली है और 10 पर बढ़त बनाये हुए है। इस तरह राज्य में भाजपा ने अपनी सत्ता बरकरार रखना सुनिश्चित कर लिया है। राज्य विधानसभा में 230 सीटें हैं। भाजपा के पास अभी 107 सीटें हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस अब तक एक ही सीट जीत पायी और सात पर बनाये हुए है। मध्यप्रदेश में एक सीट पर बहुजन समाज पार्टी ने बढ़त बनायी हुई है।

गुजरात में भाजपा ने आठ सीटों पर हुए उप चुनावों में चार पर जीत दर्ज कर ली है और चार पर बढ़त बना ली है। राज्य में कांग्रेस ने इन चुनावों में बहुत खराब प्रदर्शन किया है और वह न तो कोई सीट जीत पायी है और न ही किसी सीट पर उसका उम्मीदवार आगे चल रहा है जबकि कांग्रेस के विधायकों के इस्तीफे के कारण ही ये उपचुनाव कराये गये।

उत्तर प्रदेश में सात सीटों पर हुए उप चुनावों में भाजपा पांच पर बढ़त बनाये हुए है और दो पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।

पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भी पांच सीटों पर हुए उप चुनाव में भाजपा ने तीन पर जीत हासिल कर ली है और एक पर बढ़त बनायी हुई है। एक सीट निर्दलीय ने जीत ली है।

कर्नाटक में दो सीट पर उप चुनाव कराया गया जहां राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा ने एक सीट जीत ली है और एक पर उसका उम्मीदवार आगे है। तेलंगाना में भी एक सीट पर उप चुनाव हुआ, जहां भाजपा ने सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति के उम्मीदवार को मात दे दी। ओडिशा में दो सीटों पर उप चुनाव कराया गया, जहां राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल बढ़त बनाये हुए है।

हरियाणा में एक सीट पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है। नागालैंड में दो सीटों पर उप चुनाव कराया गया, जहां नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी ने एक सीट जीत ली है और एक पर निर्दलीय उम्मीदवार ने बढ़त बना ली है।

झारखंड में दो सीटों पर उप चुनाव कराये गये जहां एक पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की और एक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने एक सीट जीत ली है।छत्तीसगढ़ में एक सीट पर उप चुनाव कराया गया जहां कांग्रेस ने बढ़त बनायी हुई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad