Advertisement

बंगाल में 'दीदी का खेला' कायम, केरल में वाम मोर्चा, असम-पुड्डुचेरी में एनडीए को बहुमत और तमिलनाडु में डीएमके का डंका

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल भारी जीत की ओर अग्रसर है हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी...
बंगाल में 'दीदी का खेला' कायम, केरल में वाम मोर्चा, असम-पुड्डुचेरी में एनडीए को बहुमत और तमिलनाडु में डीएमके का डंका

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल भारी जीत की ओर अग्रसर है हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम विधानसभा सीट से चुनाव हार गयी हैं जबकि असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केरल में वाम मोर्चा सत्ता में वापसी करती हुई दिख रही हैं। तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक को करारा झटका देते हुए डीएमके सत्ता हासिल करने की ओर अग्रसर है। केन्द्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में 22 सीटों के परिणाम आ गये हैं जिनमें एन आर कांग्रेस ने 10 सीटें जीत ली है।

पश्चिम बंगाल में 246 सीटों के नतीजे आ चुके हैं और 46 पर विभिन्न पार्टियां बढ़त बनायी हुयी हैं। इनमें से तृणमूल ने 186 सीटों पर जीत हासिल की है और 28 सीटों पर आगे चल रही है जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट पर कांटे की टक्कर में भाजपा के शिवेन्दु अधिकारी से करीब 1957 मतों से चुनाव हार गयी हैं। भाजपा ने 59 सीटें जीती हैं और 19 सीटों पर बढ़त बना रखी है। राज्य में निर्दलीय के खाते में अभी तक एक सीट आई है। तृणमूल प्रत्याशी अरूप विश्वास ने टॉलीगंज सीट  जीत ली है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार एवं केन्द्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो को 50  हजार से अधिक मतों से करारी शिकस्त दी है।

केरल में 130 सीटों के नतीजे आ चुके हैं और 10 सीटों पर विभिन्न पार्टियाों ने बढ़त बना रखी है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने 58 सीटें जीती हैं और चार सीटों पर बढ़त बना रखी है।  भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के खाते में 16 सीटें आयी हैं और एक पर आगे चल रही है। कांग्रेस को 19  सीटें मिली हैं तथा दो सीटों पर वह आगे चल रही है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने 15 सीटें जीती हैं। 

तमिलनाडु में 234 सीटों में से 63 सीटों के नतीजे आ चुके हैं और विभिन्न दल 171 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। अन्नाद्रमुक ने 18 सीटें जीती हैं और वह 51 पर आगे चल रही है जबकि द्रमुक के खाते में 40 सीटें आयी हैं तथा वह 93 सीटों पर आगे चल रही है।  कांग्रेस को अभी तक दो सीट मिली है और वह 14 सीटों पर आगे चल रही है।

पुड्डुचेरी में 26 सीटों के नतीजे आ चुके हैं और चार सीटों पर विभिन्न दल बढ़त बनाये हुए हैं। इनमें आल इंडिया एन आर कांग्रेस ने 10 सीटें जीत ली है।  भाजपा और द्रमुक ने पांच -पांच सीटें जीती है। भाजपा तथा द्रमुक क्रमशः एक-एक सीट पर आगे है। निर्दलीय के खाते में चार सीटें गयी हैं और दो पर बढ़त बना रखी है। कांग्रेस दो सीटों पर सिमट कर रह गयी है।

असम में 86 सीटाें के परिणाम घोषित किये जा चुके हैं और 40 सीटों पर विभिन्न पार्टियों की बढ़त जारी है। भाजपा ने 41 सीटें जीत ली हैं और 18 पर आगे चल रही है। राज्य में कांग्रेस के 18 उम्मीदवार जीत हासिल करने में कामयाब हो गये हैं और 11 सीटों पर आगे हैं। 

ममता बनर्जी ने आज शाम कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी को सहयोग नहीं किया और वह इसके खिलाफ उच्चतम न्यायालय जायेंगी। उन्होंने कहा कि यह जीत बंगाल की जीत है। उन्होंने नंदीग्राम सीट से अपनी पराजय स्वीकार करते हुए कहा,“ नंदीग्राम के बारे में चिंता मत करिए, मैंने नंदीग्राम के लिए आंदोलन किया था और वहां संघर्ष किया है। नंदीग्राम के लोगों ने जो जनादेश दिया है, उसे मैं स्वीकार करती हूं। तृणमूल कांग्रेस ने 221 से अधिक सीटें जीती हैं। भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम एक सादे समारोह के रूप में होगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad