Advertisement

लोकसभा चुनाव परिणाम: पंजाब, चंडीगढ़ में बनाए गए 117 मतगणना केंद्र

पंजाब की 13 और चंडीगढ़ की एक लोकसभा सीट के लिए मतगणना मंगलवार को 24 स्थानों पर स्थापित किए गए 117 केंद्रों पर...
लोकसभा चुनाव परिणाम: पंजाब, चंडीगढ़ में बनाए गए 117 मतगणना केंद्र

पंजाब की 13 और चंडीगढ़ की एक लोकसभा सीट के लिए मतगणना मंगलवार को 24 स्थानों पर स्थापित किए गए 117 केंद्रों पर होगी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी।

पंजाब में शनिवार को हुए मतदान में 62.80 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो 2019 की तुलना में लगभग तीन प्रतिशत कम है।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार बठिंडा में सबसे अधिक 69.36 प्रतिशत और अमृतसर में सबसे कम 56.06 प्रतिशत मतदान हुआ।

प्रमुख चेहरों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एवं चार बार की सांसद परनीत कौर पटियाला संसदीय क्षेत्र से फिर से मैदान में हैं। तीन बार की सांसद हरसिमरत कौर बादल और भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व आईएएस अधिकारी परमपाल कौर सिद्धू बठिंडा से अपनी किस्मत आजमा रही हैं।

जालंधर (सुरक्षित) सीट से पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी और भाजपा प्रत्याशी सुशील रिंकू मैदान में हैं।

कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग लुधियाना से भाजपा के रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। सुखजिंदर सिंह रंधावा गुरदासपुर से मैदान में हैं।

पूर्व राजनयिक एवं भाजपा उम्मीदवार तरणजीत सिंह संधू अमृतसर से निवर्तमान सांसद एवं कांग्रेस उम्मीदवार गुरजीत सिंह औजला को टक्कर दे रहे हैं।

इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) के घटक दल कांग्रेस और आप पंजाब में अलग-अलग लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने 1996 के बाद पहली बार अपने-अपने दम पर चुनाव लड़ा।

सुखबीर बादल के नेतृत्व वाला शिअद तीन कृषि कानूनों (जो अब रद्द हो चुके हैं) को लेकर 2020 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग हो गया था।

खडूर साहिब लोकसभा सीट पर भी सबकी नजर है। राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद कट्टरपंथी सिख उपदेशक अमृतपाल सिंह इस सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।

आप के 13 उम्मीदवारों में पांच कैबिनेट मंत्री भी मैदान में हैं जिनमें कुलदीप सिंह धालीवाल (अमृतसर), लालजीत सिंह भुल्लर (खडूर साहिब), गुरमीत सिंह खुड्डियां (बठिंडा), गुरमीत सिंह मीत हेयर (संगरूर) और बलबीर सिंह (पटियाला) शामिल हैं।

कांग्रेस उम्मीदवार सुखपाल खैरा संगरूर से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि आप के करमजीत सिंह अनमोल और भाजपा के हंस राज हंस फरीदकोट सीट से मैदान में हैं।

शिअद (अमृतसर) प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान संगरूर से और दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के दो हत्यारों में से एक बेअंत सिंह के बेटे सरबजीत सिंह खालसा फरीदकोट (सुरक्षित) निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।

चंडीगढ़ में भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी से है। इस सीट पर 67.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad