Advertisement

लोकसभा चुनाव: छठे चरण में 58 सीटों पर मतदान जारी, धोनी ने भी डाला वोट; जानें तीन बजे तक के आंकड़े

लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण के तहत सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 58 सीट के लिए सुबह से ही वोटिंग...
लोकसभा चुनाव: छठे चरण में 58 सीटों पर मतदान जारी, धोनी ने भी डाला वोट; जानें तीन बजे तक के आंकड़े

लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण के तहत सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 58 सीट के लिए सुबह से ही वोटिंग जारी है। राजधानी दिल्ली की सात, उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की सभी 10, बिहार और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ, ओडिशा की छह, झारखंड की चार और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर आज मतदान हो रहा है। 

दोपहर तीन बजे तक मतदान

बिहार - 45.21 %

हरयाणा - 45.26 %

जम्मू और कश्मीर - 44.41 %

झारखंड - 54.34 %

दिल्ली - 44.58 %

ओडिशा - 48.44 %

उत्तर प्रदेश - 43.95 %

पश्चिम बंगाल - 70.19 %

दोपहर एक बजे तक मतदान

बिहार - 36.48 %

हरयाणा - 36.48 %

जम्मू और कश्मीर - 35.22 %

झारखंड - 42.54 %

दिल्ली - 34.37 %

ओडिशा - 35.69 %

उत्तर प्रदेश - 37.23 %

पश्चिम बंगाल - 54.80 %

सुबह 11 बजे तक मतदान

बिहार - 23.67 %

हरयाणा - 22.09 %

जम्मू और कश्मीर - 23.11 %

झारखंड - 27.80 %

दिल्ली - 21.69 %

ओडिशा - 21.30 %

उत्तर प्रदेश - 27.06 %

पश्चिम बंगाल - 36.88 %

सुबह 9 बजे तक मतदान

बिहार - 9.66 %

हरयाणा - 8.31 %

जम्मू और कश्मीर - 8.89 %

झारखंड - 11.74 %

दिल्ली - 8.94 %

ओडिशा - 7.43 %

उत्तर प्रदेश - 12.33 %

पश्चिम बंगाल - 16.54 %

"चुनाव का पर्व, देश का गर्व"

• पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने छठे चरण के लिए रांची के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

• वोट डालने के बाद चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान ने कहा, "हम चाहते हैं कि सभी नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें।"

• लोकसभा चुनाव में मतदान के बाद सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचुरी कहते हैं, "इंडिया दैट इज़ भारत जीतेगा, इंडिया गठबंधन को निश्चित रूप से 300 से अधिक सीटें मिल रही हैं।"

• केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। उन्होंने कहा, "मैं सभी से आग्रह करती हूं कि वे बाहर आएं और मतदान करें। यह लोकतंत्र का त्योहार है और सभी को मतदान करना चाहिए। हमारी सरकार एक बार फिर बनने जा रही है।"

• हरियाणा के पूर्व मंत्री अनिल विज ने अंबाला में अपना वोट डाला। कांग्रेस के दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक में अपना वोट डाला।

• बीजेपी उम्मीदवार मनोज तिवारी ने वोट डालने के बाद कहा, "वोट नरेंद्र मोदी जी को, वोट देश को, वोट कमल को।"

• दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में वोट डाला। उन्होंने कहा, "मेरे पिता, पत्नी, बच्चों और मैंने मतदान किया है। मेरी मां आज नहीं आ सकीं क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। मैंने तानाशाही, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ वोट किया है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और वोट करें।"

• उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद और भाजपा उम्मीदवार, मनोज तिवारी ने दिल्ली में लोकसभा चुनाव में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, "यह वोट देशहित में है और हर व्यक्ति मोदी जी के साथ खड़ा है। विपक्ष के लोगों ने अपना परिचय दे दिया है। जनता जब हमारे अर्धसैनिक बल के जवान नक्सलियों से लड़ते हुए अपनी जान दे देते हैं तो कन्हैया कुमार की तरह जश्न मनाते हैं, केवल नरेंद्र मोदी ही दौड़ में हैं, लोग किसी और को देकर अपना वोट बर्बाद नहीं करेंगे।''

• कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा के कैथल में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

• पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के एक मतदान केंद्र पर लोकसभा चुनावों के लिए अपना वोट डाला।

• सीपीआई (एम) नेता बृंदा करात ने वोट डालने के बाद कहा, "मैंने तानाशाही और सांप्रदायिकता के खिलाफ वोट दिया है। मेरा वोट बदलाव लाएगा।"

• वोट डालने के बाद रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, "सभी को बाहर आकर अपना वोट डालना चाहिए और इंडिया गठबंधन को एक मौका देना चाहिए।" जब उनसे इंडिया गठबंधन के पीएम चेहरे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "गठबंधन इसे चुनेगा। मैं जानता हूं कि राहुल देश के हित में काम करेंगे और राजीव गांधी के सपने को पूरा करेंगे।"

• वोट डालने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा, "लोगों में यह धारणा है कि भाजपा के नेता बेरोजगारी और महंगाई जैसे वास्तविक मुद्दों पर चर्चा नहीं कर रहे हैं। इंडिया गठबंधन शुरू से ही लोगों के वास्तविक मुद्दों पर बात करता रहा है।''

• कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, रॉबर्ट वाड्रा और उनके बच्चे रेहान राजीव वाड्रा और मिराया वाड्रा ने दिल्ली में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।

• मतदान करने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव ने कहा, "मुझे बहुत ख़ुशी है कि हम लोकतंत्र के अधीन हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए सही लोगों को चुनें। सरकार क्या कर सकती है उससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हम क्या कर सकते हैं।"

• पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर लोकसभा चुनावों के लिए अपना वोट डाला।

• ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर में अपना वोट डाला।

• उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया।

• आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने छठे चरण के लिए दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, यह लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा दिन है। मैं सभी से, विशेषकर महिलाओं से अपील करना चाहती हूं कि वे बाहर आएं और अपना वोट डालें। भारत में राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है।"

• दिल्ली के मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने वोट डाला। उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि चुनाव के दिन कुछ भी गलत न हो। अगर किसी जगह पर धीमी वोटिंग होगी तो हम पुलिस और अधिकारियों से इसे ठीक करने का अनुरोध करेंगे। गर्मी से लोगों को कितनी परेशानी हो रही है, नतीजा 4 जून को सबके सामने आ जाएगा। जो हालात हैं, वो 4 जून को नतीजों में दिखने चाहिए।"

• जेजेपी नेता अजय चौटाला और हिसार लोकसभा सीट से पार्टी की उम्मीदवार नैना सिंह चौटाला ने हरियाणा के सिरसा में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

• दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा, 'हमें आधिकारिक जानकारी मिली है कि कल शाम एलजी ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों की बैठक बुलाई थी और दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए गए थे कि जो भी इलाके इंडिया गठबंधन का गढ़ हैं, वहां वोटिंग धीमी की जाए। अगर ऐसा होता है तो यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव का उल्लंघन होगा। इसलिए हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग इस पर संज्ञान लेगा।"

• 5T के अध्यक्ष और बीजेडी नेता वीके पांडियन ने लोकसभा चुनावों के छठे चरण और ओडिशा विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए भुवनेश्वर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

• जम्मू-कश्मीर बीजेपी अध्यक्ष रविंदर रैना ने राजौरी के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने के बाद कहा, भारतीय लोकतंत्र का त्योहार लोकसभा चुनाव हो रहा है, पूरे जम्मू-कश्मीर में उत्साह का माहौल है। श्रीनगर संसदीय सीट पर 40 फीसदी मतदान हुआ, जबकि उत्तरी कश्मीर के बारामूला में 60 फीसदी मतदान हुआ और आज अनंतनाग-राजौरी संसदीय सीट पर भी मतदान हुआ। यह हमारे लोकतंत्र की जीत है।" 

• दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मयूर विहार फेज 1 में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। 

• हरियाणा के पूर्व सीएम और करनाल से भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर ने अपना वोट डाला। खट्टर ने अपना वोट डालने के बाद कहा, "आज लोकतंत्र का महा पर्व हरियाणा की 10 की 10 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। मुझे अपने बूथ पर पहला वोट डालने का अवसर प्राप्त हुआ। इस महा पर्व में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। वोट जरूर डालें। मैं शाम तक सभी लोकसभा क्षेत्रों में एक बार जाकर आऊंगा। चुनाव शांतिपूर्वक होना चाहिए।"

• लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में भाजपा पूर्वी दिल्ली के सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

• नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने लोकसभा चुनाव के छठे चरण में मतदान किया।

• दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में अपना वोट डाला। जयशंकर ने कहा, "हमने अभी वोट किया है...हम चाहते हैं कि भारी संख्या में आज मतदान हो क्योंकि यह देश के लिए एक बहुत बड़े निर्णय का समय है..."।

• केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी ने शनिवार सुबह दिल्ली में वोट डाला।

• मंदसौर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोकसभा चुनाव के छठे चरण में अपना वोट डाला। मतदान के बाद पत्रकारों से कहा कि आज हर व्यक्ति पीएम नरेंद्र मोदी से प्रेम करता है। वह उनकी नीतियों से प्रेम करता है और उनके नेतृत्व में बीजेपी हरियाणा की सभी सीटें जीतने जा रही है। वह 11 कमल के फूल (10 लोकसभा सीटें और एक करनाल की विधानसभा सीट) खिलाने जा रहे हैं।

• उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान करना हर नागरिक का अधिकार है...मैं सभी से मतदान करने की अपील करता हूं..."।

• कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "पांच चरण के चुनाव हो चुके हैं... पहले 2 चरणों के बाद यह स्पष्ट हो गया कि "दक्षिण में बीजेपी साफ और उत्तर में हाफ", इसलिए 4 जून को INDIA गठबंधन को स्पष्ट और निर्णायक जनादेश मिलेगा और 4 तारीख को देश उन्हें (PM मोदी) अलविदा कह देगा... मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा गठबंधन दिल्ली की सभी सात सीटें जीतेगा..."। 

• वोटिंग से पहले बीजेपी की दिवंगत नेता सुषमा स्वराज की बेटी और दिल्ली से बीजेपी उम्मीदवार बांसुरी स्वराज छठे चरण के मतदान से ऐन पहले मंदिर पहुंची। जहां उन्होंने मत्था टेका और भगवान से आशीर्वाद लिया।

• लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में वोट डालने पहुंचे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, "हमारी अभी 303 सीटें हैं। 10% सीटें बढ़ती हैं तो 330 होती हैं, 15% बढ़ती हैं तो 345 सीटें होती हैं। हमारे 37 सहयोगी दल हैं, उनमें से आधों की भी 2-3 सीटें आई तो हम 400 सीटें आराम से पार करेंगे।"

दांव पर इन दिग्गजों की साख

छठे चरण के मतदान के लिए कुल 889 उम्मीदवार मैदान में हैं। बीजेपी का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा के संबलपुर से, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल से, मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली से और बांसुरी स्वराज नई दिल्ली से चुनाव लड़ रही हैं।

वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस के अहम चेहरों में कुमारी शैलजा, हरियाणा के सिरसा से चुनाव लड़ रही हैं। दीपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा के रोहतक से, जेपी अग्रवाल चांदनी चौक, दिल्ली से और कन्हैया कुमार उत्तर-पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ रहे हैं। नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती भी सुर्खियों में हैं।

सीटों का समीकरण

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सात लोकसभा सीट पर भाजपा और ‘इंडिया' गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव से पहले ही ‘इंडिया' गठबंधन के घटकों के बीच सीट को लेकर बनी सहमति के तहत आम आदमी पार्टी (आप) चार और कांग्रेस तीन सीट पर चुनाव लड़ रही है।

आम चुनाव के छठे चरण के लिए उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीट पर वोटिंग हो रही है, जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, तृणमूल कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी और भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ समेत 162 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। प्रदेश के 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकरनगर, श्रावस्‍ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही में मतदान हो रहा है।

बिहार में छठे चरण में आठ सीट पर मतदान हो रहे हैं, जहां इन क्षेत्रों के करीब डेढ़ करोड़ मतदाता 86 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। प्रदेश की इन आठ सीट पर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैयारी पूरी है। इस चरण में जिन आठ सीट पर मतदान हो रहा है उनमें, वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज शामिल हैं।

झारखंड में सभी चार लोकसभा सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन और भाजपा के नेतृत्व वाले विपक्ष के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। रांची लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी एवं कांग्रेस नेता यशस्विनी सहाय का भाजपा के मौजूदा सांसद संजय सेठ के खिलाफ सीधा मुकाबला है।

पश्चिम बंगाल के जंगल महल क्षेत्र में मतदान हो रहे हैं। इस क्षेत्र में पांच जिलों में आठ लोकसभा क्षेत्र आते हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में इन आठ सीट में से पांच पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी, जबकि तीन सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की थी।

हरियाणा में ज्यादातर सीट पर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। लोकसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा तथा दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार खट्टर का मुकाबला हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा से है, जबकि करनाल विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपचुनाव लड़ रहे हैं।

ओडिशा में इस चरण में छह संसदीय क्षेत्रों- भुवनेश्वर, कटक, ढेंकानाल, क्योंझर, पुरी और संबलपुर तथा उनके अंतर्गत आने वाले 42 विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग हो रही है।

जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग-राजौरी निर्वाचन क्षेत्र से महबूबा मुफ्ती और नेशनल कॉन्फ्रेंस के मियां अल्ताफ सहित 20 उम्मीदवार मैदान में हैं।

बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 के तहत पहले चरण का मतदान (102 सीटों पर) 19 अप्रैल को, दूसरे चरण की वोटिंग (88 सीटों पर) 26 अप्रैल को, तीसरे चरण का मतदान सात मई (11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 93 सीटों पर) को, चौथा चरण के तहत 13 मई को और पांचवें फेज (आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 49 सीटें) में 20 मई को वोटिंग हुई थी। आज (25 मई, 2024) छठा चरण है, जबकि एक जून को सातवें और आखिरी के तहत मतदान होगा और चार जून, 2024 को नतीजे आएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad