Advertisement

गुजरात, हिमाचल के रुझानों से मोदी खुश, ‘विक्टरी’ साइन दिखा संसद के अंदर गए

गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की बढ़त की खबरों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी काफी खुश नजर आए। आज...
गुजरात, हिमाचल के रुझानों से मोदी खुश, ‘विक्टरी’ साइन दिखा संसद के अंदर गए

गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की बढ़त की खबरों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी काफी खुश नजर आए। आज जब वे संसद की कार्यवाही में भाग लेने के लिए पहुंचे तो कार से उतरने के बाद उन्होंने वहां मौजूद मीडियाकर्मियों को पहले नमस्ते कहा फिर ‘विक्टरी’ का साइन दिखाते हुए अंदर चले गए।

जिस तरह के रुझान आ रहे हैं उसके अनुसार दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। इन रुझानों से दूसरे भाजपा नेता भी उत्साहित हैं। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, प्रकाश जावड़ेकर, गिरिराज सिंह, जितेंद्र सिंह ने भी कहा कि यह मोदी सरकार की सही नीतियों की जीत है। राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों राज्यों में भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या परिणाम मोदी सरकार की नीतियों पर जनता की मुहर है तो उन्होंने कहा कि हां, यह सरकार की नीतियों को मंजूर करना है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी को यह पहला झटका है। उनका करिश्मा नहीं चला। एक अन्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह वोट विकास और नरेंद्र मोदी में विश्वास को दिया गया है। प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि विकास आज की राजनीति का मूल मंत्र है और यही कारण है कि लोग मोदी जी के साथ हैं। 

पार्टी उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कहा कि दोनों राज्यों में जो स्थिति दिख रही है उससे साफ है कि मोदी का जादू बरकरार है और अमित शाह की रणनीति काम कर गई। दोनों जगहों पर उनकी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।

उन्होंने कहा कि गुजरात में सत्ता विरोधी लहर जैसी कोई बात देखने को नहीं मिली। यहां के लोग कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आक्रामक प्रचार से प्रभावित नहीं हुए और गुजरात के विकास मॉडल को समर्थन दिया। भाजपा महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी जाजू की बातों का समर्थन किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad