Advertisement

योगी के बयान के बाद बदलने लगा है पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सियासी समीकरण

पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हिंदूओ के पलायन को बड़ा चुनावी मुददा बनाते हुए भाजपा के फायरब्रांड नेता और सांसद योगी आदित्यनाथ ने धौलाना में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर स्थिति इसी तरह बनी रही तो आने वाले समय में पश्चिमी उत्तर प्रदेश नया कश्मीर बन सकता है। योगी के इस बयान के बाद से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सियासी समीकरण बदलने लगा है। माना जा रहा है कि उनके इस उग्र बयान के बाद इलाके में हिंदू वोटो का धु्वीकरण बढ़ सकता है।
योगी के बयान के बाद बदलने लगा है पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सियासी समीकरण

 
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यही वक्त है जब सभी हिंदूओं को भाजपा को समर्थन देना चाहिए। धौलाना—पिलखुआ विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और चार बार के सांसद डा. रमेशचंद्र तोमर के समर्थन में एक सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने सभा में आए लोगों को हिंदू हित में एक साथ आने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कश्मीर में वहां के पंडितों को भयभीत करके भागने पर मजबूर किया गयास और उनकी संपत्ति पर कब्जा किया गया, उसी तरह की स्थिति वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में होता देख रहे हैं। हिंदूओं को जबरन यहां से संपत्ति छोड़कर पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है। 
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में काफी विषम स्थिति है। खासकर मुज्जफरनगर, बागपत, मेरठ और गाजियाबाद में स्थिति काफी भयावह है। लेकिन भाजपा इसके लिए कृत संकल्पित है कि इस तरह का माहौल न बनने पाए। हम पहले ही कश्मीर घाटी को गंवा चुके हैं। लेकिन हम पश्चिमी उत्तर प्रदेश को दूसरा कश्मीर नहीं बनने देंगे। उन्होंने हिंदू वोटरों को संगठित होकर भाजपा को पूर्ण बहुमत से चुनने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को बकायदका फतवा जारी किया गया है कि वे मुसलिम उम्मीदवार को ही वोट दे। यह हिंदूओं को सीधी चुनौती है। उन्हें चाहिए कि वे इस फतवा का जवाब दें और संगठित होकर हिंदू उम्मीवाद को वोट दे। यह हमारे वजूद का प्रश्न है। 
समाजवादी पार्टी और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दोनों पार्टी अपना आधार गंवा चुकी है। इनके शासनकाल की ज्यादती लोगों के सामने हैं। एक के राज में पैसा तो दूसरे के राज में गुंडागर्दी—उगाही का बोलबाला रहा है। उप्र विकास के सभी पैमानों पर सबसे पीछे चला गया है। फिर वह कृषि हो, आर्थिक विकास हो, औधोगिकीकरण हो, शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो या फिर ढांचागत आधार का ही क्षेत्र क्यों न हो। उन्होंने कहा कि चुनाव में सभी राजनैतिक दलों ने घोषणा पत्र जारी किया है। लेकिन केवल भाजपा है जिसने संकल्प पत्र जारी किया है। जिसमें उप्र को सभी क्षेत्रो में उच्चतम स्तर पर  ले जाना के प्रति संकल्प लिया गया है। जिससे उप्र भी देश की मुख्यधारा में शामिल राज्य के तौर पर गौरवांकित हो पाए। 
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के धौलाना से उम्मीदवार डा. रमेशचंद्र तोमर ने कहा कि अखिलेश राज में महिलाएं आतंक के साये में हैं। कानून का राज पूरी तरह खत्म हो चुका है। लोग भयाक्रांत हैं। महिलाओं की अस्मत लूटी जा रही है और उसमें सपा को राजनैतिक साजिश दिखती है। राज्य की पुलिस सपा के इशारे पर भाजपा के कार्यकर्ताओं को झूठे केस में फंसा रही हैं उन्हें प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने सपा के मौजूदा विधायक पर इलाके में भय का राज चलाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने हिंदूओं को एक साथ आने का आहवान करते हुए कहा कि वे भाजपा के साथ आए  क्योंंकि कुछ मौलाना मुसलिमों को मुसलिम उम्मीदवार को ही चुनने का फतवा जारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा न हो कि एक दिन धौलाना विधानसभा मौलाना विधानसभा में बदल जाए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad