Advertisement

आज दिल्ली को मिलेंगे 2 नए मंत्री, केजरीवाल मंत्रिमंडल में शामिल होंगे आतिशी और सौरभ भारद्वाज

पिछले कई दिनों से उथल-पुथल और संकट के दौर से गुजर रही दिल्ली सरकार में आज एक नया अध्याय जुड़ने वाला है।...
आज दिल्ली को मिलेंगे 2 नए मंत्री, केजरीवाल मंत्रिमंडल में शामिल होंगे आतिशी और सौरभ भारद्वाज

पिछले कई दिनों से उथल-पुथल और संकट के दौर से गुजर रही दिल्ली सरकार में आज एक नया अध्याय जुड़ने वाला है। आज सौरभ भारद्वाज और आतिशी बतौर मंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया इस समय जेल में हैं और उनके साथ ही पहले से जेल काट रहे सत्येंद्र जैन का इस्तीफा भी स्वीकार हो चुका है। दिल्ली सरकार में दो मंत्रियों की खाली जगह को सौरभ और आतिशी भरने वाले हैं।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन का इस्तीफा सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूर कर लिया था। इस बात की जानकारी देते हुए गृह मंत्रालय ने बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सलाह पर दिल्ली सरकार के मंत्रियों का इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। इसके अलावा दिल्ली कैबिनेट में आतिशी और सौरभ भारद्वाज को बतौर मंत्री नियुक्त करने की अनुमति दे दी है।

पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सीसोदिया और सत्येंद्र जैन दिल्ली के कथित शराब घोटाले के मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। सौरभ भारद्वाज और आतिशी का मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह आज यानी गुरुवार को शाम 4:00 बजे राज निवास, दिल्ली के सभागार में होगा। गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को आतिशी और सौरभ भारद्वाज को दिल्ली कैबिनेट में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सलाह पर मंत्री के रूप में नियुक्त किया था। सीएम केजरीवाल ने इससे पहले कैबिनेट में शामिल करने के लिए दोनों का नाम दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के पास भेजा था।

बता दें कि आतिशी कालकाजी विधानसभा से विधायक हैं और दिल्ली सरकार मे मनीष सीसोदियाँ की शिक्षा की टीम की प्रमुख सदस्य रही हैं। आतिशी ने 2019 में पूर्वी दिल्ली से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। हालांकि बीजेपी के गौतम गंभीर से हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं सौरभ भारद्वाज आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। वह दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं। ग्रेटर कैलाश से विधायक आप सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री भी थे। दिल्ली मंत्रिपरिषद में अब सीएम अरविंद केजरीवाल सहित पांच की संख्या है, जिनके पास कोई विभाग नहीं है।

कथित आबकारी नीति घोटाले में गिरफ्तारी के बाद सिसोदिया ने अपने सभी 18 पदों से इस्तीफा दे दिया था। पिछले साल दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद, उनके द्वारा संभाले गए सात विभागों को सिसोदिया में स्थानांतरित कर दिया गया था, जो कुल 18 विभागों को देख रहे थे।

बता दें कि हाल ही में मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने 8 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा सोमवार को 20 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद से वह अब तिहाड़ जेल में बंद है। सीबीआई ने 2021-22 की दिल्ली सरकार की आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सिसोदिया उन 15 अन्य लोगों में शामिल थे, जिनके खिलाफ सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले में आबकारी अधिकारियों, शराब कंपनी के अधिकारियों, डीलरों, कुछ अज्ञात लोक सेवकों और निजी व्यक्तियों पर मामला दर्ज किया गया था। यह आरोप लगाया गया था कि आबकारी नीति में संशोधन सहित अनियमितताएं की गई थीं और लाइसेंस धारकों को लाइसेंस शुल्क में छूट या कमी, अनुमोदन के बिना एल-1 लाइसेंस का विस्तार आदि सहित अनुचित लाभ दिए गए थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad