Advertisement

अजय माकन ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, राहुल को कहा शुक्रिया

2019 लोकसभा चुनावों से पहले दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। माकन ने...
अजय माकन ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, राहुल को कहा शुक्रिया

2019 लोकसभा चुनावों से पहले दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। माकन ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दिया जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने स्वीकार कर लिया है। माकन ने अपने इस्तीफे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी का शुक्रिया अदा किया है। 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माकन ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को धन्यवाद किया। अजय माकन ने लिखा कि 2015 विधानसभा चुनाव के बाद से ही उन्होंने दिल्ली के सभी नेताओं का सहयोग मिला, कठिन परिस्थितियों में ये आसान नहीं था। आप सभी का आभार।

अजय माकन ने ट्वीट किया, ''2015 विधान सभा के उपरान्त-बतौर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष-पिछले 4 वर्षों से, दिल्ली कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा, कांग्रेस कवर करने वाली मीडिया द्वारा एवं हमारे नेता राहुल गांधी जी द्वारा, मुझे अपार स्नेह तथा सहयोग मिला है। इन कठिन परिस्थितियों में यह आसान नहीं था! इसके लिए ह्रदय से आभार!''

देश के सबसे युवा विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं माकन  

माकन 2003-04 के दौरान दिल्ली विधानसभा के स्पीकर चुने गए थे। मात्र 39 साल में विधानसभा के स्पीकर चुने गए माकन देश के सबसे युवा विधानसभा अध्यक्ष रहे। दिल्ली में साल 2015 में उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था। प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनावों में माकन ने सदर बाजार सीट से चुनाव लड़ा था और तीसरे नंबर पर रहे थे।
अजय माकन साल 2004 के लोकसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से सांसद चुने गए थे। इस चुनाव में माकन ने भाजपा के वरिष्ठ नेता जगमोहन को हराया था। इसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव में माकन ने इस सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय गोयल को हराया था। 2014 के लोकसभा चुनाव में माकन भाजपा की मीनाक्षी लेखी से हार गए थे।

इससे पहले भी आई थी खबर, बाद में किया गया था खंडन

अजय माकन का स्वास्थ्य पिछले काफी समय से खराब चल रहा था। अभी कुछ दिन पहले ही उनके इस्तीफे की खबरें आई थीं, हालांकि बाद में उन्होंने इसका खंडन किया था और कहा था कि वह इलाज करा रहे हैं। अब एक बार फिर उन्होंने इस बारे में ट्वीट किया।

आप तो वजह नहीं?

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि माकन हमेशा से ही कांग्रेस और आप के गठबंधन के खिलाफ थे। माकन के इस्तीफे के साथ माना जा रहा है कि लोकसभा चुनावों के लिए दोनों पार्टियों का गठबंधन हो सकता है। बता दें कि तीन राज्यों में सरकार बनाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक समान विचारधारा के लोगों से साथ आने की अपील की थी। हालांकि, गुरुवार को आम आदमी पार्टी ने इस बात की पुष्टि की वह महागठबंधन में शामिल नहीं होगी और अकेले ही लोकसभा का चुनाव लड़ेगी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad