Advertisement

अखिलेश ने लगाया अटकलों पर विराम: कहा- कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि उत्‍तर प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर...
अखिलेश ने लगाया अटकलों पर विराम: कहा- कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि उत्‍तर प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर सपा का कांग्रेस से कोई विवाद नहीं है और दोनों दलों के बीच गठबंधन होगा।

यादव ने मुरादाबाद में संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा में शामिल नहीं होने के सवाल पर कहा, ”अंत भला तो सब भला। बाकी आप लोग समझदार हैं।” इस सवाल पर कि कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा या नहीं, अखिलेश ने कहा, ”होगा।”

कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर विवाद होने के सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा, ”कोई विवाद नहीं है। आपके सामने सब चीजें साफ हो जाएंगी।”

इस सवाल पर कि कांग्रेस के उत्‍तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने बहुजन समाज पार्टी के लिये कांग्रेस के दरवाजे खुले होने की बात कही है, सपा अध्‍यक्ष ने कहा, ”अब यह सब बात पुरानी हो गयी है।”

इस बीच, कांग्रेस के एक वरिष्‍ठ नेता ने बताया कि दोनों पार्टियों के बीच कुछ सीट को लेकर अदला-बदली की बात हो रही है। सम्‍भावना है कि सीट बंटवारे को लेकर बात बन जाएगी।

गौरतलब है कि सपा ने इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्‍लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन की अपनी सहयोगी कांग्रेस को उत्‍तर प्रदेश की 80 में से 17 लोकसभा सीट देने की पेशकश की थी।

सपा अध्‍यक्ष को रायबरेली में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा में शामिल होना था, लेकिन वह शामिल नहीं हुए थे। सपा ने कहा कि अखिलेश यात्रा में तभी शामिल होंगे, जब कांग्रेस इस पेशकश को स्‍वीकार करेगी। इसके बाद ऐसा लग रहा था कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन नहीं हो सकेगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad