छत्तीसगढ़ के सरगुजा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सवाल कर रहे हैं कि पीएम मोदी ने चार सालों में क्या किया है? शाह ने कहा, “तुम हमारे 4 सालों के बारे में पूछ रहे हो और जनता आपसे पिछली 4 पीढ़ियों के बारे में पूछ रही है कि 55 साल में परिवार के पास सत्ता रहने के बाद भी देश में विकास क्यों नहीं हुआ।”
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकेगी। शाह ने साफ कहा कि बीजेपी 65 सीटों का संकल्प लेकर चल रही है और विजय हासिल करने के बाद एक बार फिर रमन सिंह की सरकार बनेगी। उन्होंने राज्य की बीजेपी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि रमन सिंह जी की सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी ऐसा कार्य नहीं किया है जिससे भाजपा कार्यकर्ता का सिर झुक जाए। यहां की सरकार ने जनता को अपने कार्यकाल का पूरा हिसाब देने के काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि 70 साल में कांग्रेस शासन काल के दौरान दस करोड़ परिवारों के पास गैस सिलेंडर नहीं था। पिछले चार सालों में साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा लोगों को गैस सिलेंडर दिया है।
'जनता को पाई-पाई का हिसाब देंगे'
सरगुजा में विकास यात्रा में अमित शाह ने कहा, "हमें जनता ने सत्ता दी है। हम उसके लिए उत्तरदायी हैं, हमें कांग्रेस को अपना हिसाब देने की जरूरत नहीं है। जब हम जनता के सामने वोट मांगने जाएंगे तो पाई-पाई का हिसाब देंगे। भाजपा पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो चुनाव के पहले ही अपनी सरकार का हिसाब लेकर जनता के पास जाती है।"
'मोदी सरकार में हमारी सीमाएं सुरक्षित हुईं'
शाह ने कहा, "मोदी सरकार में हमारी सीमाएं सुरक्षित हुईं हैं। पहले पाकिस्तान दिन-रात हम पर हमला करता था, लेकिन इस सरकार में जवानों ने उस पार जाकर सर्जिकल स्ट्राइक की। भारत माता के जयकारे लगाते हुए वापस लौटे। भारत को पूरी दुनिया में अलग पहचान मिली है।"
'कांग्रेस की जड़ों को छत्तीसगढ़ से उखाड़ फेंकेंगे'
उन्होंने कहा, "रैली में नजर आ रही भीड़ से एक बाद साफ है कि यहां रमन सिंह की सरकार बनना तय है। छत्तीसगढ़ से कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है। इतनी प्रचंड विजय मिले की विपक्ष की छाती बैठ जाए। भाजपा जैसा किसी में दमखम नहीं है, जो चुनाव के पहले ही अपना हिसाब देने लगे।"
रमन सिंह बोले- कांग्रेस ने 60 सालों में कुछ नहीं किया
रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस विकास यात्रा कर रही है। मैं सरगुजा के लोगों से पूछना चाहता हूं क्या कभी कांग्रेस की सरकार ने अपने 60 सालों में 1 रुपए किलो की दर से चावल मिले। क्या उन्होंने किसी को मेडिकल क्लेम की सुविधा दी।