Advertisement

कुमार विश्वास के आरोपों पर अरविंद केजरीवाल का तंज, कहा- मैं दुनिया का सबसे 'स्वीट आतंकवादी'

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन पर लग रहे आरोपों को लेकर...
कुमार विश्वास के आरोपों पर अरविंद केजरीवाल का तंज, कहा- मैं दुनिया का सबसे 'स्वीट आतंकवादी'

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन पर लग रहे आरोपों को लेकर प्रतिक्रिया दी है।  आम आदमी पार्टी के संस्‍थापक सदस्‍य कुमार विश्‍वास की ओर से केजरीवाल पर हाल में लगाए गए संगीन आरोपों को लेकर विपक्षी नेताओं ने केजरीवाल पर निशाना साधा था। इस मामले को लेकर केजरीवाल ने मीडिया के साथ बात करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शायद मैं दुनिया का सबसे स्वीट आतंकवादी होंगा जो लोगों को तीर्थ के लिए भेजता है, अस्पताल बनवाता है, स्कूल बनवाता है, सड़कें बनवाता है। ऐसा आतंकवादी तो आज तक पैदा ही नहीं हुआ होगा।

उन्होंने कहा कि भगत सिंह को अंग्रेजों ने आतंकवादी बोला था, मैं खुदको भगत सिंह का चेला मानता हूं। 100 साल पहले अंग्रेजों ने भगत सिंह को आतंकवादी बोला था और आज 100 साल बाद ये सब मिलकर भगत सिंह के चेले को ये सब भ्रष्टाचारी मिलकर आतंकवादी साबित करना चाह रहे हैं।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी सभी कह रहे हैं कि पिछले 10 साल से केजरीवाल देश के 2 टुकड़े करने की योजना बना रहा है। ये हो सकता है क्या? 10 साल में 3 साल कांग्रेस सरकार थी, 7 साल से भाजपा सरकार है, इनकी सिक्योरिटी एजेंसी क्या कर रही थी, ये लोग सो रहे थे क्या।

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अबकी बार एक अच्छी पार्टी आई है आम आदमी पार्टी, इससे डरके सारे भ्रष्टाचारी इकट्ठा हो गए हैं। कांग्रेस, भाजपा, अकाली सब पिछले कुछ दिनों से मिलकर ‘आप’ को हराने में लग गए। सब एक ही भाषा बोल रहे हैं, हमें गालियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कहते हैं पंजाब पर 3 लाख करोड़ का कर्ज़ा है इन्होंने कुछ काम नहीं किया तो ये पैसा कहां गया? स्कूल नहीं बनाया, अस्पताल नहीं बनाए, कॉलेज नहीं बनाए, काम नहीं किया।

बता दें कि कवि और आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता कुमार विश्वास ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने पंजाब में केजरीवाल को अलगाववादियों का समर्थक करार दिया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad