Advertisement

बिहार चुनाव: भाजपा ने अपने कोटे से वीआईपी को 11 सीटें दीं

भारतीय जनता पार्टी ने मुकेश सहनी नीत विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को बिहार विधानसभा चुनाव में अपने...
बिहार चुनाव: भाजपा ने अपने कोटे से वीआईपी को 11 सीटें दीं

भारतीय जनता पार्टी ने मुकेश सहनी नीत विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को बिहार विधानसभा चुनाव में अपने कोटे की 121 सीटों में से 11 सीटें देने का बुधवार को ऐलान किया। साथ ही वीआईपी बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा भी बन गई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, चुनाव प्रभारी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी तथा वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी गई।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने बताया, ‘‘भाजपा ने अपने कोटे से वीआईपी पार्टी को विधानसभा की 11 सीटें दी हैं एवं भविष्य में विधानपरिषद की भी एक सीट देंगे।’’

बता दें कि एक दिन पहले ही बिहार विधानसभा चुनाव के लिये एनडीए में सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया था, जिसके अंतर्गत भाजपा को 121 सीटें मिलीं वहीं जद(यू) के हिस्से में 122 सीटें आईं। जद(यू) ने अपने खाते से जीतनराम मांझी की 'हम' पार्टी को सात सीट दी हैं।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव ने ट्वीट किया, ‘‘बिहार विधानसभा चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) राजग का हिस्सा है। इस चुनाव में भाजपा अपने कोटे से 11 सीटें मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी को दे रही है। भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने और सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व मजबूत करने वाला दल है।’’


गौरतलब है कि मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी कुछ दिनों पहले विपक्षी महागठबंधन से अलग हो गई थी। आरजेडी नीत महागठबंधन द्वारा घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे की घोषणा किये जाने के दौरान वीआईपी के सीटों की संख्या नहीं बताने से सहनी नाराज हो गए थे और प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर बाहर चले गए थे ।

बॉलीवुड के पूर्व सेट डिजाइनर सहनी ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि एक पक्ष (राजद नीत महागठबंधन) ने पीठ में खंजर घोंपने का काम किया जबकि दूसरे पक्ष (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) ने मरहम लगाने का काम किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad