भाजपा ने रविवार को देश के अलग-अलग राज्यों में होने वाले विधानसभा उपचुनावों के लिए 32 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस सूची में असम की 4, बिहार की 1, छत्तीसगढ़ की 1, हिमाचल की 2, केरल की 5, मध्यप्रदेश की 1, मेघालय की 1, पंजाब की 2, राजस्थान की 1, तेलंगाना की 1, सिक्किम की 2 और यूपी की 10 सीटों पर पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है।
रविवार को यूपी की सीटों पर समाजवादी पार्टी ने भी पांच प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। सपा ने सुधाकर सिंह पटेल को घोसी, डॉ. निर्भय सिंह पटेल को मानिकपुर, जैदपुर से गौरव कुमार रावत, जलालपुर से सुभाष राय और प्रतापगढ़ से बृजेश वर्मा पटेल को टिकट दिया है।
कांग्रेस ने जारी की लिस्ट
शनिवार को कांग्रेस ने पुडुचेरी, असम और छत्तीगढ़ में होने वाले उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पुडुचेरी विधानसभा के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस मे कामराज नगर निर्वाचन क्षेत्र से जॉन कुमार को कांग्रेस ने टिकट दिया है। वहीं, असम की चार लोकसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी कांग्रेस ने उम्मीदवारों की घोषणा की है। असम की रतनबाड़ी(अनुसूचित) सीट से केशन रजक, जानिया से शमसुल होक, रंगपारा से कार्तिक कुर्मी और सोनारी से सुशील सूरी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं छत्तीसगढ़ की एक विधानसभा सीट चित्रकोट से राममन बेंजम को कांग्रेस ने मैदान में उतारा है।
21 अक्टूबर को डाले जाएंगे वोट
इन सीटों पर हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और 24 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी। यह सभी सीटें अलग-अलग कारणों से खाली हुई थी। इन चुनावों को कई राज्यों में सेमीफाइनल के तौर पर भी देखा जा रहा है जिसके चलते सभी पार्टियां जोरशोर से उपचुनाव में जीत के लिए जुटी हैं।
कर्नाटक में दिसंबर में होगा चुनाव
चुनाव आयोग ने कर्नाटक में विधानसभा की 15 सीटों पर उपचुनाव के लिये नयी तारीखों की घोषणा करते हुये 21 अक्तूबर के स्थान पर अब 5 दिसंबर को मतदान कराने का फैसला किया है। आयोग द्वारा जारी नयी अधिसूचना के मुताबिक इन सीटों पर उपचुनाव के लिये 5 दिसंबर को मतदान और 9 दिसंबर को मतगणना होगी। इससे पहले 27 सितंबर को छत्तीसगढ़, केरल, त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश में चार विधानसभा सीटों के नतीजे सामने आए थे। इन सीटों लिए उपचुनाव का मतदान 23 सितंबर को हुआ था।