Advertisement

यूपी में भाजपा, बसपा और सपा ने बापू की विरासत के टुकड़े किए: आजाद

कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद ने रविवार को लखनऊ में कांग्रेस की 27 साल यूपी बेहाल यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने पिछले 27 सालों के दौरान प्रदेश की सरकार में रहने वाली पार्टियों भाजपा, बसपा और सपा पर देश को एकजुटता के सूत्र में पिरोने वाले महात्मा गांधी की विरासत के टुकड़े-टुकड़े करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रपिता के एकता के सिद्धांत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जनता के सामने रखकर वोट मांगेगी।
यूपी में भाजपा, बसपा और सपा ने बापू की विरासत के टुकड़े किए: आजाद

कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी आजाद ने रविवार को लखनऊ में कहा कि पिछले 27 साल के दौरान प्रदेश में बसपा, सपा और भाजपा को कई बार सरकार बनाने का मौका मिला। बदले में जनता को गुंडाराज, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और निराशा ही मिली, लेकिन इन पार्टियों ने जो सबसे बड़ा गुनाह किया, वह था समाज का बंटवारा। उन्होंने कहा कि भाजपा, बसपा और सपा में किसी ने धर्म के नाम पर तो किसी ने जाति के नाम पर सूबे को बांटकर सरकारें बनाईं। महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश को एकजुट रखने के लिए बलिदान किया, लेकिन इन तीनों पार्टियों ने उनकी विरासत के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इसके लिये जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा मिलजुकर देश के हित के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में आज शुरू हो रही 27 साल यूपी बेहाल यात्रा के जरिये लोगों को जोड़कर सरकार बनाएगी। यात्रा में कांग्रेस आम जनता को यह संदेश देगी कि वह समाज को तोड़कर नहीं बल्कि जोड़कर एक सफल सरकार बनाना चाहती है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, हम 27 साल बाद एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने का प्रयास कर रहे हैं। हम केवल संख्या बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि सरकार बनाने के लिए लड़ रहे हैं। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि शीला ने अपने 15 साल के कार्यकाल में दिल्ली को एक मॉडल स्टेट बनाया। हम दिल्ली की तरह चमकता हुआ उत्तर प्रदेश बनाना चाहते हैं, इसीलिए शीला जी को आगे लाया गया है। आजाद ने कहा कि संसद का महत्वपूर्ण सत्र होने की वजह से प्रदेश में कांग्रेस के उतने कार्यक्रम नहीं हो सके, जितने होने चाहिए थे। अब अगले साल के शुरू में संभावित राज्य विधानसभा चुनाव तक पार्टी के कार्यक्रम जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि 27 साल यूपी बेहाल यात्रा के पहले चरण में 10 जिलों का भ्रमण किया गया। इस बार इस यात्रा को दो समूहों में बांटा गया है, जो आगामी अक्तूबर तक प्रदेश के बाकी 65 जिलों में जाएंगे। एक समूह का नेतृत्व शीला दीक्षित जबकि दूसरे की अगुवाई पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर करेंगे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad