Advertisement

हरियाणा चुनावों के लिए भाजपा ने की 78 उम्मीदवारों की घोषणा, मुख्यमंत्री करनाल से लड़ेंगे

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए 78 उम्मीदवारों की पहली सूची सोमवार को...
हरियाणा चुनावों के लिए भाजपा ने की 78 उम्मीदवारों की घोषणा, मुख्यमंत्री करनाल से लड़ेंगे

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए 78 उम्मीदवारों की पहली सूची सोमवार को जारी कर दी।पार्टी ने नौ महिलाओं को टिकट दिया हैं। 12 सीटों पर अभी तक उम्मीदवारों का फैसला नहीं हो पाया है। इनकी सूची बाद में जारी होगी।

कहां से खड़े होंगे बड़े नेता और मशहूर हस्तियां 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल और हरियाणा भाजपा अध्‍यक्ष सुभाष बराला टोहाना से चुनाव लड़ेंगे। अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त को सोनीपत के बरौदा, हॉकी खिलाड़ी सरदार संदीप सिंह को कुरुक्षेत्र के पेहवा और अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता फोगाट को दादरी से मैदान में उतारा है। पंचकूला से ज्ञानचंद गुप्‍ता को भाजपा का टिकट मिला है। वहीं, राज्‍य के उद्योग मंत्री विपुल गोयल और सात विधायकों का टिकट काट दिया गया है। 

रविवार को देर रात हुई माथापच्ची

रविवार देर रात पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक चली। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मौजूद थे। इससे पहले केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों से चर्चा के बाद चुनाव प्रभारी नरेंद्र सिंह तोमर के निवास पर एक बार फिर बैठक हुई। दो घंटे तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ अनिल जैन, चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला भी थे।

राव के तेवरों से कई नेता नाराज

इस बैठक में भी केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों के परिजनों को टिकट दिए जाने के मुद्दे पर चर्चा हुई। हालांकि अमित शाह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि केंद्रीय मंत्रियों व सांसदों के परिजनों को टिकट भले न दिए जाएं, लेकिन उनके लोकसभा क्षेत्र में टिकट वितरण में उनकी राय को महत्व दिया जाए। यही कारण रहा कि मुख्यमंत्री ने बैठक खत्म होते ही सबसे पहले कृष्णपाल गुर्जर को हरियाणा भवन बुलाया। राव इंद्रजीत सिंह के कड़े तेवरों से सीएम सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता खासे नाराज हैं। सूत्र बताते हैं कि केंद्रीय नेतृत्व इस पर कड़ा फैसला ले सकता है।

एकांत में भी हुई चर्चा

सूत्रों के अनुसार बाकी सीटों में से कुछ पर पेंच फंसा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर को तलब किया। गुर्जर अपने दिल्ली स्थित निवास 8 तुगलक लेन से सीएम का संदेश मिलते ही करीब दस मिनट में हरियाणा भवन पहुंच जबकि राव इंद्रजीत सिंह नहीं पहुंचे। गुर्जर व सीएम के बीच एकांत में चर्चा होती रही। बताया जा रहा है कि सीएम ने गुर्जर के साथ घंटे भर विस्तृत चर्चा की। सूत्र बताते हैं कि गुर्जर को मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की सभी नौ सीट पर महत्व देने का आश्वासन दिया गया है।

यहां देखें सूची, कौन कहां से मैदान में

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad