Advertisement

दिसंबर या जनवरी तक लोकसभा चुनाव करा सकती है भाजपा: ममता बनर्जी

लोकसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस और भाजपा हमेशा की तरह फिर आमने सामने हैं। इस बार पश्चिम बंगाल की...
दिसंबर या जनवरी तक लोकसभा चुनाव करा सकती है भाजपा: ममता बनर्जी

लोकसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस और भाजपा हमेशा की तरह फिर आमने सामने हैं। इस बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह आरोप लगाया कि केंद्र में बैठी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार संभावित रूप से दिसंबर की शुरुआत में या जनवरी तक लोकसभा चुनाव करा सकती है, जिसकी संभावना बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर एक रैली को संबोधित किया और निशाना साधा, "मुझे संदेह है कि भाजपा इसी दिसंबर में चुनाव करा सकती है, वे जनवरी में भी ऐसा कर सकते हैं।" गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 में प्रस्तावित हैं, जिसकी तैयारियां बयानबाजी और तीखी नोंकझोंक के साथ शुरू हो चुकी हैं।

रैली के दौरान ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के संबंध में अपने कार्यों और निर्णयों के लिए भाजपा की आलोचना करते हुए कहा, "मुख्य न्यायाधीश ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए एक समिति गठित करने के लिए कहा था। उन्होंने (भाजपा ने) मुख्य न्यायाधीश को पैनल से हटा दिया और मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए उनके स्थान पर भाजपा के कैबिनेट मंत्री को नियुक्त किया। क्या लट्टू है! वह घूमते रहेंगे और गायब हो जाएंगे।"

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री का दावा है कि भाजपा ने अन्य पार्टियों को सुविधा से वंचित रखने के लिए संसद चुनाव से पहले "सभी हेलीकॉप्टर" बुक कर लिए हैं। उन्होंने कहा, "भाजपा ने संसद चुनाव से पहले सभी हेलीकॉप्टर बुक कर लिए हैं ताकि किसी अन्य पार्टी को कोई हेलीकॉप्टर न मिल सके। यह उनका राज्य है। उन्हें लगता है कि पैसे से कुछ भी खरीदा जा सकता है।"

ममता बनर्जी ने चेतावनी दी कि अगर बीजेपी दोबारा सत्ता में आई तो भारत पर 'निरंकुश' तरीके से शासन किया जाएगा। टीएमसी सुप्रीमो ने कहा, "भारत में, भारतीय स्वतंत्र नहीं हैं क्योंकि यहां केवल भाजपा ही स्वतंत्र है। अगर वे फिर से सत्ता में आते हैं, तो केवल भाजपा ही स्वतंत्र रहेगी और अपने निरंकुश तरीके से भारत पर शासन करेगी।"

जाधवपुर में 'गोली मारो' के नारे लगाने के लिए बीजेपी पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने चुनौती दी, "क्या आप गोली चलाना चाहते हैं? अगर आपमें हिम्मत है, तो हम पर गोली चलाएं। हम इसे देखेंगे।" बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस को उन लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है जिन्होंने 'गोली मारो' के नारे लगाए हैं।

ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव से पहले अभिषेक बनर्जी को गिरफ्तार कर लिए जाने की आशंका जताई। उन्होंने कहा, "कल किसी ने मुझे मैसेज किया कि अभिषेक को चुनाव से पहले गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्या आप जानते हैं कि उन्होंने क्या किया है? उनके कंप्यूटर पर जो भी डेटा था, उन्होंने ले लिया। उन्होंने उनके द्वारा बनाई गई कुछ फाइलें उनके कंप्यूटर में अपलोड कर दीं।"

उन्होंने कहा, "अगर आप कंप्यूटर के विशेषज्ञ हैं तो हम भी कम नहीं। हमने तथ्य पेश किए और उन्हें बताया कि उन्होंने ये फाइलें उनके कंप्यूटर पर अपलोड की हैं।" इस बीच, मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि हाल ही में सफल चंद्रयान 3 मिशन में बंगाल के 28 वैज्ञानिक थे और सरकार जल्द ही उन सभी को सुविधा प्रदान करने की योजना बना रही है।

बता दें कि तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) ने 28 अगस्त को अपना 26वां स्थापना दिवस मनाया। विदित हो कि टीएमसीपी, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की छात्र शाखा, की स्थापना इसी दिन 1998 को की गई थी। जबकि 1 जनवरी 1998 को कांग्रेस के साथ अपने मतभेदों के बाद ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस का गठन किया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad